'दीपथून पर दीपम जलाने को लेकर नहीं दी कोई राय', तिरुपरंकुंद्रम मंदिर के पुजारियों ने जताई नाराजगी
चार पुजारियों ने 24 नवंबर को मंदिर के कार्यकारी अधिकारी कम उप आयुक्त, न्यासी मंडल के अध्यक्ष और अन्य सदस्यों को पत्र लिखकर कहा कि मीडिया में जारी किए गए पत्र में उनकी सहमति के बिना नाम शामिल किए गए।

'दीपथून पर दीपम जलाने को लेकर नहीं दी कोई राय', तिरुपरंकुंद्रम मंदिर के पुजारी
HighLights
चार पुजारियों ने मंदिर के कार्यकारी अधिकारी, ट्रस्टी बोर्ड के अध्यक्ष व सदस्यों को लिखा पत्र
प्रशासन की ओर से जारी पत्र में बिना उनकी सहमति के नाम शामिल करने पर जताई नाराजगी
पीटीआई, मदुरै। तिरुपरंकुंद्रम स्थित भगवान मुरुगन (सुब्रमण्यम स्वामी) मंदिर के पुजारियों ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने पहाड़ी पर स्थित 'दीपथून' स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर कोई राय नहीं दी है।
पुजारियों ने मंदिर प्रशासन द्वारा जारी एक पत्र में उनके नाम शामिल किए जाने पर गहरी नाराजगी जताई है।
चार पुजारियों ने 24 नवंबर को मंदिर के कार्यकारी अधिकारी कम उप आयुक्त, न्यासी मंडल के अध्यक्ष और अन्य सदस्यों को पत्र लिखकर कहा कि मीडिया में जारी किए गए पत्र में उनकी सहमति के बिना नाम शामिल किए गए।
उन्हें इस पत्र की जानकारी भी मीडिया के माध्यम से मिली। पुजारियों ने कहा कि उन्होंने इस वर्ष दीपम जलाने को लेकर मंदिर प्रशासन को कोई पत्र नहीं दिया था।
पिछले वर्ष उन्होंने उच्ची पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक दीप मंडपम में दीप जलाने के संबंध में पत्र भेजा था। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार पहाड़ी पर स्थित दीपथून में दीप जलाने पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन न होने पर राज्यपाल ने टीवीके सरकार से मांगा जवाब
तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने मदुरै की तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर 'दीपथून' स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाने के सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का पालन न किए जाने पर राज्य में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है।
आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।सूत्रों ने बताया कि इस मामले से जुड़ी आधिकारिक जानकारी और मौके पर पुलिस ने किन खास निर्देशों का पालन किया, इसका ब्योरा देने के लिए सरकार को पत्र भेजा गया है।
मद्रास हाई कोर्ट की मदुरै पीठ के बाहर वकीलों ने किया प्रदर्शनमदुरै से प्रेट्र के अनुसार, तमिलनाडु सरकार और पुलिस पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अनदेखी का आरोप लगाते हुए वकीलों के एक समूह ने बुधवार को मद्रास हाई कोर्ट की मदुरै पीठ के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी वकीलों ने राज्य प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारे लगाए।
उन्होंने सरकार पर सुप्रीम कोर्ट और संविधान का अनादर करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने अदालत के निर्देश को लागू नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाए और हिंदू मुन्नानी के पदाधिकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का विरोध किया।
प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अनंत पद्मनाभन ने कहा-"यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य सरकार ने शीर्ष अदालत के आदेश का अनादर करने का दुस्साहस किया है। संविधान के तहत गठित हर सरकार की जिम्मेदारी है कि वह आदेश का पालन करे।" उन्होंने कहा कि सरकार को इसके परिणाम भुगतने होंगे।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा- 'दीपथून' स्तंभ पर दीपम जलने तक संघर्ष जारी रहेगा
तंजावुर से प्रेट्र के अनुसार, तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने बुधवार को दोहराया कि जब तक तिरुपरंकुंद्रम में ‘दीपथून’ स्तंभ पर कार्तिगई दीपम नहीं जलाया जाता, पार्टी कार्यकर्ता चैन से नहीं बैठेंगे।
उन्होंने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार पर इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश की अवहेलना करने का आरोप लगाया।
‘जननायगम काप्पोम’ रैली को संबोधित करते हुए नागेंद्रन ने पिछले दिन के घटनाक्रम को राज्य सरकार के लिए "शोक का दिन" बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट ने जिला कलेक्टर की निगरानी में 10 लोगों की सीमित मौजूदगी में दीप जलाने की अनुमति दी थी, लेकिन प्रशासन ने दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया और इसके बजाय इसे परंपरागत जगह पर जलाया।
नागेंद्रन ने आरोप लगाया कि सरकार की निष्क्रियता से हिंदुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा-"यह किसी छोटे बच्चे को टाफी देकर बहलाने जैसा है।"
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।