विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वारिसों तक पहुंचेगी लावारिस वित्तीय संपत्तियां, सुप्रीम कोर्ट ने जताया संतोष

Published: Fri, 27 Nov 2026 08:19 PM (GMT+05:30)

सुप्रीम कोर्ट ने लावारिस वित्तीय संपत्तियों को उनके कानूनी वारिसों तक पहुंचाने के लिए उठाए गए कदमों पर संतोष व्यक्त किया है।

सुप्रीम कोर्ट ने लावारिस वित्तीय संपत्तियों पर जताया संतोष (फोटो-पीटीआई)

सुप्रीम कोर्ट ने लावारिस वित्तीय संपत्तियों पर जताया संतोष (फोटो-पीटीआई)

HighLights

  1. सुप्रीम कोर्ट ने लावारिस वित्तीय संपत्तियों पर संतोष जताया।

  2. पत्रकार सुचेता दलाल की जनहित याचिका का निपटारा हुआ।

  3. कानूनी वारिसों को संपत्ति लौटाने के उपाय प्रभावी माने गए।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि लावारिस वित्तीय संपत्तियों से जुड़ी याचिका में उठाई गई मुख्य चिंताओं का संबंधित अधिकारियों की ओर से किए गए उपायों से काफी हद तक समाधान हो गया है।

जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस आर. महादेवन की पीठ ने पत्रकार सुचेता दलाल की जनहित याचिका का निपटारा कर दिया।

याचिका में दिवंगत लोगों के बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों, जमा राशि और डाकघरों में पड़ी रकम की जानकारी के लिए केंद्रीकृत डाटाबेस बनाने की मांग की गई थी।

इसके साथ ही बैंक जमा, प्रतिभूतियों, बीमा पॉलिसियों और भविष्य निधि (पीएफ) खातों से जुड़े दावों के निपटारे की ऐसी व्यवस्था बनाने का आग्रह किया गया था, जिससे कानूनी वारिसों को अनावश्यक मुकदमेबाजी से न गुजरना पड़े।

डाटाबेस में खाताधारक का नाम, पता और लेन-देन की आखिरी तारीख जैसी जानकारियां शामिल करने का सुझाव भी दिया गया था।

पीठ ने की प्रयासों की सराहना

पीठ ने जनहित का मुद्दा उठाने और इस दिशा में लगातार प्रयास करने के लिए सुचेता दलाल की सराहना की। उसने कहा कि इस कार्यवाही का उद्देश्य जमाकर्ताओं, निवेशकों और उनके वैध वारिसों के वित्तीय हितों की रक्षा करना था।

विभिन्न पक्षों की ओर से हलफनामों में दिए गए आश्वासनों को रिकॉर्ड पर लेते हुए पीठ ने उम्मीद जताई कि संबंधित अधिकारी इन संपत्तियों की पहचान और उन्हें वास्तविक मालिकों या उनके वारिसों तक पहुंचाने की प्रक्रिया को अधिक सरल, प्रभावी और पारदर्शी बनाने के प्रयास जारी रखेंगे।

अदालत ने कहा कि नियामकीय उपायों की निगरानी के लिए याचिका को लंबित रखने की जरूरत नहीं है। किसी विशेष मामले में शिकायत होने पर संबंधित व्यक्ति सक्षम प्राधिकारी के समक्ष उसे उठा सकता है।

इससे पहले 17 नवंबर को केंद्र सरकार ने अदालत को बताया था कि मृत व्यक्तियों के कानूनी वारिसों को बैंकों, डाकघरों, म्यूचुअल फंड और बीमा कंपनियों में पड़ी लावारिस धनराशि लौटाने के लिए पारदर्शी व्यवस्था अपनाई गई है।

सरकार के मुताबिक, मार्च 2026 तक तीन लाख से अधिक दावों पर कार्रवाई की जा चुकी थी, जबकि इनमें करीब 10 प्रतिशत दावे लंबित थे। वहीं, 18 अप्रैल तक 6,453 करोड़ रुपये की वित्तीय संपत्तियां उनके वास्तविक मालिकों को लौटाई जा चुकी थीं।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- 'मिस्टर सी जोसेफ सनातन से नफरत करते हैं', दीपम विवाद पर SC की फटकार के बाद बीजेपी ने विजय सरकार पर साधा निशाना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।