विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में पत्रकारों से मारपीट मामला: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा कदम, जांच के लिए बनाई 5 सदस्यीय कमेटी

Published: Thu, 26 Nov 2026 07:58 PM (IST)

सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कवर कर रहे पत्रकारों के साथ मारपीट और हिरासत के मामले में कड़ा रुख अपनाया है। 

दिल्ली में हुए प्रदर्शनों में पत्रकारों से पिटाई मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पांच सदस्यीय कमेटी बनाई। (फोटो-रॉयटर्स)

दिल्ली में हुए प्रदर्शनों में पत्रकारों से पिटाई मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पांच सदस्यीय कमेटी बनाई। (फोटो-रॉयटर्स)

HighLights

  1. सुप्रीम कोर्ट ने पत्रकारों से मारपीट मामले पर लिया संज्ञान।

  2. जांच के लिए पांच सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति गठित की गई।

  3. समिति की अध्यक्षता पूर्व न्यायाधीश जस्टिस आर. सुभाष रेड्डी करेंगे।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कवर कर रहे सात पत्रकारों के साथ मारपीट, दुर्व्यवहार और उन्हें गलत तरह से हिरासत में लेने के मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है।

अदालत ने गुरुवार को इन गंभीर आरोपों की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया है। इस पांच सदस्यीय समिति की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस आर. सुभाष रेड्डी करेंगे।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टि वी. मोहना की पीठ ने याचिकाकर्ताओं को निर्देश दिया है कि वे इस पांच सदस्यीय समिति के सामने संबंधित सबूत पेश करें। यह समिति आरोपों की जांच करेगी और पता लगाएगी कि क्या पत्रकारों के खिलाफ पुलिस ने वाकई ज्यादती की थी।

क्या है पूरा मामला?

ये याचिकाएं केरल यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स और दिल्ली यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स द्वारा दायर की गई थीं। इनमें 10 और 11 अक्टूबर 2026 को विरोध प्रदर्शनों को कवर कर रहे मीडिया कर्मियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई का मुद्दा उठाया गया था। जानकारी के मुताबिक ये प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किए जा रहे थे।

सुप्रीम कोर्ट की अहम टिप्पणी

जस्टिस बागची ने कहा कि समिति यह पता लगाएगी कि क्या पत्रकार विरोध प्रदर्शन वाली जगहों पर मौजूद थे, क्या उनके खिलाफ बल प्रयोग किया गया था, और अगर ऐसा हुआ, तो क्या उस स्थिति के हिसाब से वह बल प्रयोग जरूरत से ज्यादा था।

न्यूज एजेंसी PTI की एक रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा, 'आप उस समिति के पास जाएं जिसका हमने गठन किया है, ताकि तथ्यों के आधार पर यह साबित हो सके कि आपके याचिकाकर्ता वास्तव में वहां मौजूद थे या नहीं।'

बागची ने आगे कहा, ' अगर वे वहां मौजूद थे, तो क्या उनके खिलाफ जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग किया गया था?' न्यायाधीश ने आगे कहा कि समिति को यह भी जांचना चाहिए कि क्या किया गया बल प्रयोग, सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी बल से कहीं अधिक था।

वहीं, पत्रकारों के वकील पी.वी. दिनेश ने दलील दी कि ये सभी सातों मीडियाकर्मी स्थापित न्यूज चैनलों और अखबारों के लिए काम करते हैं, न कि सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अपना काम कर रहे मान्यता प्राप्त पत्रकारों को पुलिस हिरासत में ले सकती है?

अदालत ने संकेत दिया कि वह पत्रकारों को मिलने वाले संवैधानिक सुरक्षा उपायों की जांच करेगी, जिसमें कहीं भी आने-जाने की उनकी स्वतंत्रता और अपने पेशे का पालन करने का अधिकार शामिल है। अदालत इस बात पर भी विचार करेगी कि क्या किसी पत्रकार को किसी जगह से जबरन हटाना हिरासत के दायरे में आता है, और ऐसी कार्रवाई के कानूनी परिणाम क्या हो सकते हैं।

क्या है याचिकाकर्ताओं के आरोप

याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि पत्रकारों को रिपोर्टिंग वाली जगहों से जबरन हटाया गया, उन्हें घटनाओं की रिकॉर्डिंग करने से रोका गया, और अपने प्रेस पहचान-पत्र दिखाने के बाद भी उनके साथ शारीरिक बल का प्रयोग किया गया।

इन आरोपों में एक फोटोग्राफर का कैमरा छीनने की कोशिश और लाइव रिपोर्टिंग कर रही एक महिला पत्रकार के साथ मारपीट की घटना भी शामिल है।

याचिका में जिन सात पत्रकारों का नाम है, वे 24 न्यूज के सुहैल मुहम्मद और वीएस राहुल, एशियानेट न्यूज के सजिन, रिपोर्टर टीवी की रोशनी राजन और फरसाना, मातृभूमि के विष्णुप्रसाद, और मनोरमा न्यूज के मिजी पी. जोस हैं।

दिल्ली पुलिस ने रखा अपना पक्ष

इससे पहले दिल्ली पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट से कहा था कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और रील बनाने वाले लोग विरोध प्रदर्शनों को कवर करने वाले पत्रकारों की तरह सुरक्षा पाने का दावा नहीं कर सकते हैं।

पुलिस के मुताबिक कंटेंट क्रिएटर्स व्यावसायिक लाभ के लिए रील बनाने के वास्ते कैमरे और माइक्रोफोन का इस्तेमाल करते हैं। साथ ही पुलिस ने पत्रकारों को सोशल मीडिया कंटेट क्रिएटर्स से अलग बताया।

यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट ने मांगा जनगणना एसओपी, केंद्र को हफ्तेभर का समय

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।