विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नकली दवाओं की निगरानी पर राज्यों की लापरवाही, 'सुगम लैब्स पोर्टल' पर 16 में से सिर्फ 5 राज्यों ने पूरी की प्रक्रिया

Published: Fri, 13 Nov 2026 04:22 PM (GMT+05:30)

देश में घटिया दवाओं की निगरानी के लिए केंद्र सरकार की डिजिटल पहल 'सुगम लैब्स पोर्टल' राज्यों की लापरवाही के कारण धीमी गति से आगे बढ़ रही है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सुगम लैब्स पोर्टल पर 16 में से 5 राज्यों ने प्रक्रिया पूरी की।

  2. घटिया दवाओं को बाजार से हटाने का प्रभावी कानूनी तंत्र नहीं।

  3. CDSCO ने राज्यों को पंजीकरण प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में घटिया और मानकों पर खरी नहीं उतरने वाली दवाओं पर निगरानी मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार की डिजिटल पहल को राज्यों की लापरवाही के कारण आपेक्षित गति नहीं मिल पा रही है।

केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) के सुगम लैब्स पोर्टल पर पंजीकरण के लिए आवेदन करने वाले 16 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में से अब तक केवल 5 ने ही अपनी प्रक्रिया पूरी की है।

11 राज्यों ने नहीं भेजा लैब का विवरण

CDSCO ने सितंबर में सभी राज्यों से पोर्टल पर पंजीकरण के लिए संबंधित अधिकारियों और दवा जांच प्रयोगशालाओं का विवरण मांगा था।

हालांकि आवेदन करने वाले 16 में से 11 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों ने अब तक यह जरूरी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है। इस सुस्ती को देखते हुए केंद्रीय औषधि नियामक ने सभी राज्यों के औषधि नियंत्रकों को पत्र लिखकर पंजीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया है।

बाजार से खराब दवाएं वापस हटाने की व्यवस्था नहीं

देश में जांचे गए दवाओं के नमूनों में 3.2 से 3.5 प्रतिशत तक नमूने घटिया या नकली पाए जाते हैं। चिंता की बात यह है कि समस्या सिर्फ खराब दवाओं की पहचान तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें बाजार से वापस हटाने का कोई प्रभावी कानूनी तंत्र भी मौजूद नहीं है।

वर्तमान में दवा वापसी को लेकर जो नियम हैं, वे केवल दिशा-निर्देश हैं, न कि कानूनी रूप से बाध्यकारी कानून। केंद्रीय नियामक ने जुलाई 2024 में दवा वापसी के दिशा निर्देशों में संशोधन किया था, जिसमें दवा निर्माता और विपणन कंपनी पर खराब दवा वापस लेने की जिम्मेदारी डाली गई थी, लेकिन अनिवार्य वापसी का स्पष्ट कानूनी प्रावधान अब भी नहीं है।

क्या है 'सुगम लैब्स पोर्टल' और इससे क्या होगा फायदा?

केंद्र के उन्नत कंप्यूटिंग विकास केंद्र द्वारा तैयार किए गए इस पोर्टल का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्यों के दवा नियामकों, ड्रग ड्रग इंस्पेक्टरों और जांच प्रयोगशालाओं को एक साझा डिजिटल मंच पर लाना है। इसके शुरू होने से कई बड़े बदलाव आएंगे।

दवाओं के नमूने लेने से लेकर लैब में उनकी जांच और परिणामों की मंजूरी तक की पूरी प्रक्रिया पोर्टल पर दर्ज होगी। मानकों पर खरी न उतरने वाली दवाओं के खिलाफ कार्रवाई करना आसान होगा।

इसके अलावा केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय बढ़ेगा और मासिक रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया स्वचालित और तेज हो सकेगी।

CDSCO ने सभी राज्यों के औषधि नियंत्रकों से जल्द से जल्द नोडल अधिकारियों को नामित करने को कहा है ताकि इस प्रणाली को पूरी तरह लागू किया जा सके।

यह भी पढ़ें- दवा नमूनों की जांच में ड्रग कंट्रोलर विभाग की बड़ी लापरवाही उजागर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।