विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'संकट में एकजुट है केरलम', भारी बारिश से 8 की मौत के बाद बोले राहुल गांधी

Published: Sun, 02 Aug 2026 03:56 PM (GMT+05:30)Updated: Sun, 02 Aug 2026 07:30 PM (GMT+05:30)

दक्षिण भारत में भारी बारिश ने तबाही मचाई है, केरल में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 8 लोगों की मौत हुई और हजारों विस्थापित हुए।

केरलम में बाढ़ में 8 लोगों की मौत(फोटो: एएनआई)

केरलम में बाढ़ में 8 लोगों की मौत(फोटो: एएनआई)

HighLights

  1. केरल में भारी बारिश से जुड़ी घटनाओं में 8 लोगों की मौत।

  2. कर्नाटक के शिवमोगा में भूस्खलन से एक परिवार के 3 सदस्य मरे।

  3. सबरीमाला तीर्थयात्रियों को यात्रा पुनर्विचार करने की सलाह, अलर्ट जारी।

डिजिटल डेस्क, तिरुवनंतपुरम। दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश ने भारी तबाही मचाई है। केरलम में बारिश से जुड़ी घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई है और हजारों लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है। वहीं, पड़ोसी राज्य कर्नाटक के शिवमोगा में हुए भूस्खलन में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई है।

केरल में बारिश से 8 की मौत

केरलम में बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8 अन्य लापता हैं। इसके अलावा 13 लोग घायल हुए हैं। हालात को देखते हुए राज्यभर में 5,792 लोगों को सुरक्षित निकालते हुए 209 राहत शिविरों में भेजा गया है।

आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री वीडी सतीशन राज्य में बारिश की स्थिति को लेकर विभिन्न जिलों के प्रभारी मंत्रियों और जिला प्रशासनों के लगातार संपर्क में हैं।

पिछले दिन की तुलना में बारिश में थोड़ी कमी आई है, जिससे लोगों को आंशिक राहत मिली है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सफाई और स्वच्छता अभियान शुरू कर दिया गया है। आपदा में 27 घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, जबकि 196 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।

केरल में भारी बारिश से तबाही पर राहुल गांधी ने जताया दुख

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को केरल में भारी बारिश के कारण हुई भारी तबाही पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपनी जान गंवाने वाले आठ लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि केरल भर में भारी बारिश के कारण हुई तबाही से बेहद दुखी हूं। जिन आठ लोगों ने अपनी जान गंवाई है, उनके परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ईश्वर करे जो लोग अभी भी लापता हैं, वे सुरक्षित मिल जाएं, और घायल लोग जल्द से जल्द स्वस्थ हों।

राहत कार्यों में सहयोग की अपील

कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों की मदद करने और राहत कार्यों का समन्वय करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश देते हुए और आम लोगों से उन्होंने कहा कि मैं सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों से आग्रह करता हूं कि वे हर संभव तरीके से इन प्रयासों में सहायता करें।

उन्होंने लोगों, विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वालों से सतर्क रहने और अधिकारियों के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने की भी अपील की। इस कठिन घड़ी में केरल एकजुट है। मैं हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा हूं।

सबरीमाला तीर्थयात्रियों के लिए चेतावनी

राज्य सरकार ने आश्वासन दिया है कि जान गंवाने वालों के परिवारों के साथ-साथ बेघर हुए और अपनी फसलें व आजीविका खोने वाले लोगों को पर्याप्त वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

सरकार ने पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। इस बीच, त्रावणकोर देवासम बोर्ड ने 2 और 3 अगस्त को निरपुथरी के अवसर पर सबरीमाला जाने की योजना बना रहे श्रद्धालुओं को अपनी यात्रा पर पुनर्विचार करने की सलाह दी है। भारी बारिश, पंपा नदी में बाढ़ और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है।

कर्नाटक में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

कर्नाटक के मलनाड क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश के कारण शिवमोगा जिले के इंदिरा नगर इलाके में रविवार तड़के करीब 2:30 बजे भूस्खलन हुआ। इस हादसे में एक अस्थायी शेड मलबे में दब गया, जिससे उसमें रह रहे एक प्रवासी मजदूर परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान मल्लिकार्जुन (35), उनकी पत्नी नागवेणी (28) और उनके तीन वर्षीय बेटे के रूप में हुई है। यह परिवार कोप्पल जिले के गंगावती तालुक स्थित कोक्करेगारू गांव का रहने वाला था और पिछले दो वर्षों से इस शेड में रह रहा था।

पुलिस और अग्निशमन व आपातकालीन सेवा विभाग ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और तीनों शवों को मलबे से बाहर निकाला। पास के शेड में रहने वाला एक अन्य मजदूर इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे तीर्थहल्ली के जयचामराजेंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर मानसून के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले प्रवासी मजदूरों के जोखिम को उजागर कर दिया है।

यह भी पढ़ें- केरलम में भारी बारिश का कहर, भूस्खलन की चपेट में आकर चार की मौत

यह भी पढ़ें- केरलम में भारी बारिश के कारण सात की मौत, कोझिकोड तट पर फंसे 17 मछुआरों को बचाया गया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।