'राहुल से पहले भी था एक बेटा, पैदा होते ही छिन गई थी खुशियां'; सोनिया गांधी ने साझा किया दर्द
सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में खुलासा हुआ है कि राहुल गांधी के जन्म से पहले उन्होंने 1969 में अपना पहला बेटा खो दिया था।

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी (फोटो-PTI)
HighLights
सोनिया गांधी ने राहुल से पहले खोया था पहला बेटा।
प्रीमैच्योर जन्म के कुछ घंटों बाद ही हुई मृत्यु।
बच्चे को महरौली में फिरोज गांधी के फार्म पर दफनाया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की हाल ही में जारी आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में एक ऐसे बच्चे का जिक्र है, जिसके बारे में सार्वजनिक जीवन में शायद ही कभी चर्चा नहीं हुआ।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, यह बच्चा उनका और उनके पति, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का पहला बेटा था, जिसे इस दंपति ने राहुल गांधी के जन्म से एक साल से भी अधिक समय पहले खो दिया था।
सोनिया गांधी लिखती हैं कि यह दुखद घटना जनवरी 1969 में घटी थी। इससे कुछ महीने पहले ही जब उनके गर्भवती होने की खबर आई थी, तो पूरे गांधी परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई थी।
सार्वजनिक तौर पर अपनी भावनाएं खुलकर न जताने वाली पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी इस खबर का गर्मजोशी से स्वागत किया था और अपनी बहू को गले लगा लिया था। इंदिरा गांधी ने खुशी में कहा था कि एक बड़ा बच्चा दूसरे बच्चे को जन्म देने जा रहा है।
प्रीमैच्योरहोने होने के कुछ घंटों के बाद हुई मौत
हालांकि, यह खुशी ज्यादा दिनों तक नहीं टिक सकी। तय समय से करीब दो महीने पहले ही सोनिया गांधी को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और 18 जनवरी 1969 को उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया। प्रीमैच्योरहोने के बावजूद नवजात देखने में स्वस्थ लग रहा था।
सोनिया लिखती हैं कि जब बच्चे को इनक्यूबेटर में रखा गया, तब मैंने उसकी पहली रोने की आवाज सुनी। बाद में राजीव मुझे उसे दिखाने ले गए, घने काले बालों और लंबी, पतली उंगलियों वाला एक नन्हा सा सुंदर बच्चा। हमें देखते ही उससे बेपनाह प्यार हो गया।
लेकिन वह नन्हीं जान केवल कुछ ही घंटे जीवित रह सकी। डॉक्टरों ने राजीव गांधी को पहले ही आगाह कर दिया था कि बच्चे के बचने की संभावना बहुत कम है। अगली सुबह जब इस दंपति को बच्चे के न रहने की खबर मिली, तो दोनों गहरे सदमे में आ गए।
सोनिया गांधी याद करती हैं कि हमेशा संयमित रहने वाले राजीव गांधी भी खुद को रोक नहीं पाए और उनके साथ फूट-फूट कर रोने लगे। उस समय दौरे पर बाहर गईं इंदिरा गांधी भी अपना दौरा बीच में छोड़कर तुरंत अस्पताल पहुंचीं और उन्होंने नम आंखों से दोनों को गले लगाया।
महरौली में हुई थी अंतिम विदाई
बच्चे के चले जाने के बाद परिवार के सामने यह सवाल खड़ा हुआ कि उसका अंतिम संस्कार कैसे किया जाए। सोनिया गांधी बताती हैं कि नवजात शिशुओं के पारंपरिक अंतिम संस्कार के तहत जब बच्चे के पार्थिव शरीर को नदी में प्रवाहित करने की बात चली, तो वह बुरी तरह सहम गईं।
दिल्ली के ओखला बैराज के पास एक शव को फंसे देखने की पुरानी और डरावनी याद उनके जेहन में कौंध गई। उन्होंने साफ कह दिया कि कुछ भी हो जाए, मैं अपने बच्चे को नदी में नहीं फेंकने दूंगी।
इसके बाद परिवार ने तय किया कि बच्चे को दक्षिण दिल्ली के महरौली स्थित फिरोज गांधी के फार्म पर दफनाया जाएगा। राजीव गांधी और उनके छोटे भाई संजय गांधी ने मिलकर गुलाबी बोगनवेलिया की झाड़ी के नीचे उस नन्हें बच्चे को दफनाया।
सोनिया गांधी लिखती हैं कि यह फैसला बेहद दर्दनाक था, लेकिन इसके अलावा कोई रास्ता नहीं था। इसके बाद लंबे समय तक जब भी वे वहां जाते, उस जगह पर फूल जरूर रखते थे।
राजनीतिक हमलों का दर्द की बयां
इस निजी त्रासदी ने सोनिया गांधी को कई महीनों तक गहरे दुख और आत्मग्लानि में रखा। उस वक्त उनके जख्मों पर नमक तब छिड़का गया, जब एक दक्षिणपंथी पत्रिका ने उस बच्चे की वैधता पर सवाल उठाते हुए बेहद घटिया और तीखा लेख लिखा। सोनिया लिखती हैं कि उन जहरीले शब्दों ने मेरे दिल पर गहरा घाव छोड़ दिया। लोग इतने क्रूर कैसे हो सकते हैं?
उसी साल के अंत में सोनिया गांधी दोबारा गर्भवती हुईं। हालांकि, पिछली घटना के सदमे की वजह से परिवार जश्न मनाने के बजाय इस बार लगातार चिंतित रहा। आखिरकार, 19 जून 1970 को राहुल गांधी का जन्म हुआ और परिवार की यह चिंता दूर हुई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।