इंदिरा गांधी से पहली मुलाकात से पहले घबरा गई थीं सोनिया, 'पैनिक अटैक' के बाद रद की फर्स्ट मीटिंग
सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग' और एक वीडियो में खुलासा किया है कि इंदिरा गांधी से पहली मुलाकात से पहले उन्हें पैनिक अटैक आया था।

इंदिरा गांधी से पहली मुलाकात से पहले सोनिया गांधी को आया था पैनिक अटैक (फोटो-ANI/IndiaHistorypic)
HighLights
सोनिया गांधी को इंदिरा से पहली मुलाकात से पहले आया पैनिक अटैक।
राजीव गांधी ने इंदिरा को सोनिया के बारे में पत्र लिखकर बताया था।
इंदिरा गांधी ने सोनिया को सहज महसूस कराया, बनीं प्यारी दादी।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग (Belonging)' इस समय काफी चर्चा में हैं। इस किताब के जरिए सोनिया गांधी और राजीव गांधी के जीवन से जुड़ी कई बातें पहली बार सामने आई हैं।
सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण और इंदिरा गांधी की जयंती पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में बताया है कि इंदिरा गांधी से पहली मुलाकात के दौरान उन्हें पैनिक अटैक आ गया था।
सोनिया गांधी को आया था पैनिक अटैक
सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए बताया, 'कैम्ब्रिज में पढ़ाई के दौरान राजीव गांधी ने अपनी मां इंदिरा गांधी को एक पत्र लिखा था और उन्हें बताया था कि वे एक लड़की से मिले हैं, जिसे वे पसंद करते हैं, जिससे प्यार करते हैं और जिससे शादी करना चाहते हैं।'
सोनिया गांधी ने बताया कि इसके तुरंत बाद लंदन में एक मुलाकात तय की गई। उस समय सोनिया भी लंदन के एक लैंग्वेज स्कूल में पढ़ाई कर रही थीं और राजीव से उनकी पहली मुलाकात एक ग्रीक रेस्तरां में हुई थी।
सोनिया ने कहा कि यह पत्र एक भारतीय मां के लिए निश्चित रूप से एक बड़ा झटका रहा होगा। सोनिया गांधी ने बताया, 'जब मुझे पहली बार इंदिरा गांधी से मिलना था, तो मैंने जाने से मना कर दिया। कैम्ब्रिज से लंदन के रास्ते में मुझे घबराहट का एक जोरदार दौरा (पैनिक फिट) पड़ा। मैंने कहा, नहीं, मैं तुम्हारी मां से मिलने नहीं जा रही हूं।'
'इंदिरा गांधी के साथ पहली मुलाकात टाली'
सोनिया गांधी ने बताया, 'हमने एक लाल टेलीफोन बूथ ढूंढा, हाई कमीशन में फोन किया जहां वे रुकी हुई थीं और कोई बहाना बना दिया।'
सोनिया गांधी ने यह बात अपनी बेटी प्रियंका और पोती मिराया वाड्रा के साथ हुई बातचीत के एक वीडियो में बताई। यह बातचीत 1, सफदरजंग रोड पर हुई थी, जहां इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री रहते हुए रहती थीं।
इंदिरा और सोनिया की मुलाकात
सोनिया गांधी ने कहा, 'एक दिन बाद, मैंने खुद को तैयार किया और हम वहां पहुंचे जहां वे रुकी थीं। वे लेटी हुई थीं, बहुत थकी हुई थीं और जेटलैग (लंबी यात्रा की थकान) महसूस कर रही थीं। उन्होंने मुझसे मेरे बारे में पूछना शुरू किया।'
सोनिया गांधी ने अपनी सास के बारे में आगे बताया, मैंने फ्रेंच में बात की क्योंकि मेरी अंग्रेजी बहुत अच्छी नहीं थी। उनके बारे में मैंने सबसे पहली बात यही सीखी, वे समझ जाती थीं कि आप किस चीज से जूझ रहे हैं और चुपचाप उस स्थिति को आसान बना देती थीं।'
सोनिया ने आगे कहा, 'दुनिया उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में जानती थी। लेकिन घर पर हम उन्हें दादी के रूप में जानते थे, एक बहुत ही प्यार करने वाली और सौम्य इंसान, जो कहानियों और समझदारी से भरी थीं और जिनका सेंस ऑफ ह्यूमर (मजाकिया अंदाज) कमाल का था।'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।