विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

167 साल पुरानी गणित की रीमैन हाइपोथीसिस का मिला सॉल्यूशन, दो गणितज्ञों ने किया दावा

Published: Sat, 21 Nov 2026 08:12 PM (IST)

दो गणितज्ञों ने 167 साल पुरानी रीमैन हाइपोथीसिस को सुलझाने का दावा किया है, जिसमें एक समाधान AI-आधारित है और दूसरा मानवीय तर्क पर आधारित है।

रीमैन परिकल्पना को हल करने का दावा (फोटो-@haider1/@math_files/X)

रीमैन परिकल्पना को हल करने का दावा (फोटो-@haider1/@math_files/X)

HighLights

  1. दो गणितज्ञों ने रीमैन हाइपोथीसिस सुलझाने का दावा किया।

  2. एक प्रमाण AI-आधारित, दूसरा मानवीय तर्क पर आधारित।

  3. 167 साल पुरानी गणित की प्रसिद्ध अनसुलझी समस्या।

डिजिटल, नई दिल्ली। दो गणितज्ञों ने 167 साल पुरानी रीमैन हाइपोथीसिस को सुलझाने का दावा किया है। यह गणित की सबसे प्रसिद्ध अनसुलझी समस्याओं में से एक है।

इस दावे ने एक दिलचस्प मुकाबला खड़ा कर दिया है। एक तरफ एआइ की मदद से तैयार किया गया समाधान है, तो दूसरी तरफ इंसानी गणितीय तर्कशक्ति से विकसित किया गया प्रमाण।

रीमैन परिकल्पना को हल करने का दावा

एआइ कंपनी एंथ्रोपिक के गणितज्ञ लेवेंट अल्पोगे ने इस हफ्ते की शुरुआत में बताया कि उन्होंने एंथ्रोपिक के क्लाउड एआइ मॉडल की मदद से रीमैन परिकल्पना का प्रमाण खोज लिया है।

उसी दिन, स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के शोधकर्ता एलेसेंड्रो मारिया मासुलो ने 'जनरलाइज्ड रीमैन हाइपोथीसिस' (जीआरएच) का एक अलग प्रमाण पेश किया। स्टैनफोर्ड के गणितज्ञ रवि वकील के अनुसार, इस प्रमाण को तैयार करने में एआइ की कोई मदद नहीं ली गई है।

हालांकि अल्पोगे के काम ने कंप्यूटर-आधारित कई महत्वपूर्ण सत्यापन जांचें पास कर ली हैं, लेकिन मासुलो के प्रमाण पर, ड्राफ्ट की जांच कर रहे गणितज्ञों ने कुछ सवाल उठाए हैं।

इसके अलावा, कई गणितज्ञों ने जो समस्याएं बताई हैं, उन्हें पहचानने में अलग-अलग एआइ मॉडल की मदद भी ली गई थी।

वकील ने कहा कि मासुलो के प्रमाण को स्वीकार किए जाने से पहले इन समस्याओं को सुलझाना होगा।अल्पोगे ने चार पृष्ठों का एक नोट और 14 भागों का एक संग्रह जारी किया, जिसमें लगभग 17.4 मिलियन पंक्तियों का लीन कोड शामिल है।

लीन कोड एक गणितीय भाषा है, जिसका उपयोग प्रमाणों को औपचारिक रूप देने और सत्यापित करने के लिए किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह कार्य डिरिचलेट एल-फंक्शन के लिए सामान्यीकृत रीमैन परिकल्पना को भी स्थापित करता है।

रीमैन परिकल्पना को जर्मन गणितज्ञ बर्नहार्ड रीमैन ने 1859 में अभाज्य संख्याओं के प्रकट होने के पैटर्न पर एक गणितीय सिद्धांत के रूप में प्रस्तावित किया था। अभाज्य संख्याएं, जैसे 2, 3, 5, 7 और 11, केवल स्वयं और एक से विभाज्य होती हैं।

रीमैन की परिकल्पना एक गणितीय फलन, जिसे 'रीमैन जेटा फलन' कहा जाता है, के जरिए उस पैटर्न को समझाने का प्रयास करती है जिसमें ये संख्याएं प्रकट होती हैं। इस परिकल्पना को सिद्ध करना क्ले गणित संस्थान द्वारा 2000 में पहचानी गई सात प्रमुख गणितीय चुनौतियों में से एक है।

(समाचार एजेंसी आइएएनएस के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- निशांत पैर छूने झुके तो मोदी ने गले लगाया, नीतीश का भी रखा मान; बिहार के मंच से किसे क्या संदेश दे गए PM?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।