धर्मांतरण के मुद्दे पर भाजपा कंफ्यूज हो गई हैः शिवसेना
धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर शिवसेना ने केंद्र सरकार और भाजपा पर हमला करते हुए कहा है कि सत्ता में आने के बाद भाजपा इस पर कंफ्यूज हो गई है। शिवसेना ने कहा कि भाजपा पहले इसका समर्थन करती रही है और आज भी पार्टी के अधिकांश नेता इस बात
मुंबई। धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर शिवसेना ने केंद्र सरकार और भाजपा पर हमला करते हुए कहा है कि सत्ता में आने के बाद भाजपा इस पर कंफ्यूज हो गई है। शिवसेना ने कहा कि भाजपा पहले इसका समर्थन करती रही है और आज भी पार्टी के अधिकांश नेता इस बात का समर्थन करते हैं।
पार्टी के मुखपत्र सामना में लिखे संपादकीय में शिवसेना ने कहा कि आज धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर राजनीतिक रोटियां सेकी जा रही है।शिवसेना का कहना है कि भाजपा इस मुद्दे पर अपना असमंजस साफ करे। गौरतलब है कि इस समय धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर देश में राजनीति गर्म है। भाजपा के समर्थक संगठन इस मामले को हवा देने में लगे हुए हैं।
सामना में छपे लेख के मुताबिक, 'जब मुगल राज में हिंदुओं को मुसलमान बनाया गया था, वो भी ताकत के बल पर. तब किसी ने सवाल नहीं उठाया था, लेकिन अब उठाए जा रहे हैं। लेख में भाजपा पर सीधे हमला करते हुए लिखा गया है, 'इस मामले में भाजपा का पहले से समर्थन रहा है, लेकिन केंद्र में और कई राज्यों में पार्टी की सत्ता है, इसलिए पार्टी कन्फ्यूजन में है। यही कारण है कि पार्टी इस मुद्दे पर ठीक से अपनी राय नहीं रख पा रही है।'
हालांकि कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन बातों से खुश नहीं हैं। उन्होंने कई बार पार्टी के नेताओं से अपने बड़बोले पर लगाम लगाने को भी कहा है।