विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारतीय बाजार में विदेशी निवेश बढ़ाने के लिए SEBI का बड़ा कदम, अब सिर्फ पांच दिन में होगा FPI रजिस्ट्रेशन

Published: Fri, 27 Nov 2026 09:34 PM (IST)

सेबी ने विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआइ) के पंजीकरण की अवधि को महीनों से घटाकर मात्र पांच कार्यदिवस करने का लक्ष्य रखा है।

अब सिर्फ पांच दिन में होगा FPI रजिस्ट्रेशन (AI जेनरेटेड प्रतीकात्मक फोटो)

अब सिर्फ पांच दिन में होगा FPI रजिस्ट्रेशन (AI जेनरेटेड प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. FPI पंजीकरण की अवधि घटकर अब मात्र पांच कार्यदिवस होगी।

  2. विदेशी निवेशकों के लिए अनुपालन बोझ कम करने का निर्णय लिया गया।

  3. सेबी लिस्टिंग नियमों की समीक्षा कर रहा, एआई मॉडल पर विचार।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआइ) का पंजीयन (यानी कारोबार करने की अनुमति की अवधि) को कई महीनों से घटाकर मात्र पांच कारोबारी दिन करने का लक्ष्य रख रहा है।

सेबी चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने शुक्रवार को एसोचैम द्वारा आयोजित 17वें कैपिटल मार्केट्स कान्फ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल वर्कफ्लो और सिस्टम इंटीग्रेशन के जरिये यह लक्ष्य हासिल किया जाएगा। अभी एफआइआइ को इस काम में महीनों लग जाते हैं।

नियामक ने एफपीआइ के लिए अतिरिक्त सूचनाओं को सार्वजनिक करने से जुड़ी व्यवस्था में भी सुधार करने का फैसला किया है। इसके तहत कई तरह की जानकारी देने की बाध्यता समाप्त की जाएगी। यह अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुसार किया जाएगा।

यह कदम विदेशी संस्थागत निवेशकों को भारत में निवेश करने में आसानी प्रदान करने, अनुपालन बोझ कम करने और भारतीय पूंजी बाजार को वैश्विक स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी तथा आकर्षक बनाने के लिए उठाया जा रहा है।

जानकारों का मानना है कि सेबी का यह कदम भारतीय शेयर बाजार में एफआइआइ को नए सिरे से आकर्षित कर सकता है। पिछले एक महीने के दौरान एफआइआइ ने फिर से भारतीय बाजार में पैसा लगाना शुरू किया है।

पिछले कुछ महीनों में सेबी ने एफपीआइ के अनुपालन बोझ को कम करने के लिए कई कदम उठाए हैं। इसके तहत सिंगल विंडो आटोमैटिक एंड जनरलाइज्ड एक्सेस फार ट्रस्टेड फारेन इन्वेस्टर्स यानी विश्वसनीय एफआइआइ को स्वचालित तरीके से पंजीयन की अनुमति दी गई है। इसके तहत लगभग 740 एफपीआइ पंजीकृत हो चुके हैं।

पांडे ने बताया कि सेबी लिस्टिंग आब्लिगेशंस एंड डिस्क्लोजर रिक्वायरमेंट्स (एलओडीआर) ढांचे की व्यापक समीक्षा कर रही है, ताकि कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय में फाइलिंग के साथ दोहराव वाले प्रकटीकरण समाप्त किए जा सकें। एक ही अनुपालन चूक पर कई स्टाक एक्सचेंज जुर्मानों के बजाय एकल जुर्माना लगाने की भी योजना है।

इश्यू ऑफ कैपिटल एंड डिस्क्लोजर रिक्वायरमेंट्स (आइसीडीआर) ढांचे की समीक्षा भी चल रही है, जो आइपीओ, एफपीओ, प्रेफरेंशियल इश्यू और क्यूआइपी को नियंत्रित करता है।

प्रतिभूति बाजार के लिए घरेलू नियंत्रित एआइ मॉडल विकसित करने पर विचारसेबी प्रमुख ने यह भी बताया कि स्टाक ब्रोकर्स के लिए ग्रेडेड अनुपालन ढांचे पर विचार किया जा रहा है, जिसमें उनके दायित्वों को ब्रोकर के आकार, क्लाइंट एक्सपोजर और प्रौद्योगिकी पर निर्भरता के अनुसार तय किया जाएगा।

निवेश सलाहकारों और म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर्स के नियामकीय ढांचे को सामंजस्यपूर्ण बनाने पर भी काम चल रहा है। प्रौद्योगिकी मोर्चे पर सेबी प्रतिभूति बाजार के लिए घरेलू नियंत्रित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) माडल विकसित करने पर विचार कर रही है, ताकि छोटे नियामित संस्थानों को सुरक्षित और किफायती एआई समाधान मिल सकें।

पांडे ने भारतीय पूंजी बाजार के बारे में बताया कि चालू वित्तीय वर्ष के पहले सात महीनों में कंपनियों ने इक्विटी और डेट के माध्यम से करीब 9 लाख करोड़ रुपये जुटाए हैं। अब तक 235 आइपीओ से लगभग 1.45 लाख करोड़ रुपये जुटाए गए हैं, जबकि कार्पोरेट बॉन्ड के जरिये पांच लाख करोड़ रुपये से अधिक जुटाए गए हैं।

यह भी पढ़ें- केरलम में दूसरी पत्नी की हत्या के दोषी को उम्रकैद, बच्चों को ट्रेन में लावारिस छोड़कर भाग गया था हत्यारा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।