केरलम में दूसरी पत्नी की हत्या के दोषी को उम्रकैद, बच्चों को ट्रेन में लावारिस छोड़कर भाग गया था हत्यारा
कन्नूर की एक अदालत ने मंजूनाथ पीआर को 2017 में अपनी दूसरी पत्नी शोभा की हत्या और बच्चों को ट्रेन में छोड़ने के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई है।
-1795794404332_m.webp)
केरलम में दूसरी पत्नी की हत्या के दोषी को उम्रकैद (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
मंजूनाथ पीआर को पत्नी की हत्या का दोषी ठहराया गया।
अदालत ने दोषी को उम्रकैद और तीन लाख जुर्माना सुनाया।
बच्चों को 1.25 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश।
डिजिटल डेस्क, कन्नूर। केरलम की एक अदालत ने शुक्रवार को कर्नाटक निवासी मंजूनाथ पीआर को 2017 में अपनी दूसरी पत्नी की हत्या करने और उसके दो छोटे बच्चों को ट्रेन में लावारिस छोड़ने के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई। अदालत ने दोषी पर कुल तीन लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया।
थालास्सेरी के अतिरिक्त जिला न्यायाधीश डेनी सीजे ने मंजूनाथ को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या), 201 (सुबूत मिटाने) और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत दोषी ठहराया।
अदालत ने जुर्माने की राशि में से 1.25 लाख रुपये प्रत्येक बच्चे को मुआवजे के रूप में देने का आदेश दिया। मामला तुमकुरु निवासी शोभा की हत्या से जुड़ा है।
क्या है मामला?
21 जनवरी 2017 को इरिट्टी के पुराने पुल के पास एक कुएं से उनका सड़ा-गला शव बरामद हुआ था। जांच में पता चला कि उनकी गला घोंटकर हत्या की गई थी।
अभियोजन के अनुसार, मंजूनाथ ने 14 जनवरी को शोभा की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया था। इसके बाद वह उनके पांच और चार साल के बच्चों को बेंगलुरु ले गया और 17 जनवरी को मुंबई जाने वाली ट्रेन में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बाद में दोनों बच्चों को मुंबई से बरामद किया।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- 'कानून से बच गए थे, लेकिन आज एक भी आरोपी जिंदा नहीं'; 1987 के नरसंहार को लेकर CPM नेता का विवादित बयान