पुडुचेरी में चार जनवरी से खुलेंगे स्कूल, जानें कैसे चलेंगी कक्षाएं और क्या है इस बारे में राज्य सरकार की योजना
देश में जैसे जैसे कोरोना का प्रकोप थम रहा है वैसे वैसे संस्थानों में काम काज भी सामान्य होने की ओर है। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक पुडुचेरी (Puducherry) में सभी स्कूल अगले साल जनवरी में खुल जाएंगे।
नई दिल्ली, एएनआइ/जेएनएन। देश में जैसे जैसे कोरोना का प्रकोप थम रहा है वैसे वैसे संस्थानों में काम काज भी सामान्य होने की ओर है। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, पुडुचेरी में सभी स्कूल अगले साल जनवरी में खुल जाएंगे। राज्य के कृषि और शिक्षा मंत्री आर कमलकन्नन ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चार जनवरी से पहली से 12वीं तक के सभी स्कूलों को खोला जाएगा।
पुडुचेरी के शिक्षा मंत्री आर कमलकन्नन (R Kamalakannan) ने बताया कि शुरुआत में स्कूलों में सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक की कक्षाएं चलेंगी। स्कूलों को आधे दिन के लिए खोला जाएगा। बाद में नियमित तौर पर पूरे दिन के लिए स्कूलों को खोल दिया जाएगा। शिक्षा मंत्री के मुताबिक, 18 जनवरी से सभी स्कूलों में कोरोना संकट से पहले की तरह पूरे दिन कक्षाएं चलने लगेंगी। स्कूलों में संक्रमण से बचाव के सभी उपाय करने के निर्देश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी के चलते राज्य में मार्च से ही स्कूलों को बंद रखा गया है। यदि सबकुछ सही तरह से चलता रहा तो अब अगले साल चार जनवरी से नियमित तौर पर स्कूलों को फिर से खोल दिया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी निर्देश के बाद देशभर में मार्च से सभी स्कूल, कॉलेजों और उच्च शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया गया था। सूबे में संक्रमण के मामले कम होने के बाद स्कूलों को खोलने का फैसला किया गया है।
यही नहीं झारखंड में भी 10वीं और 12वीं की पढ़ाई के लिए स्कूलों को खोलने पर सहमति बन गई बताई जाती है। सूत्र बताते हैं कि बुधवार को इससे संबंधित आदेश जारी हो जाएंगे। इस दौरान ऑनलाइन पढ़ाई जारी रहेगी। इसके साथ ही मेडिकल, डेंटल एवं नर्सिंग कॉलेजों में पढ़ाई शुरू करने की अनुमति दी गई है। इसके साथ ही तमाम सरकारी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट भी खोले जाएंगे। सूत्रों की मानें तो मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन विभाग की समीक्षा बैठक हुई जिसमें आला अधिकारी मौजूद थे।