संजय कपूर फैमिली ट्रस्ट विवाद: 15 बैठकों के बाद भी नहीं निकला हल, मां रानी कपूर ने ठोका 6 हजार करोड़ रुपये का दावा
दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर के फैमिली ट्रस्ट विवाद में उनकी मां रानी कपूर ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। 15 बैठकों के बाद भी सुलह नही हो सका।

HighLights
संजय कपूर फैमिली ट्रस्ट विवाद सुप्रीम कोर्ट पहुंचा।
मां रानी कपूर ने 6000 करोड़ रुपये का दावा किया।
15 बैठकों के बाद भी सुलह नहीं हो सकी।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के जाने-माने उद्योगपतियों में शुमार दिवंगत संजय कपूर के परिवार के ट्रस्ट को लेकर चल रहा विवाद थम नहीं रहा है। मामला अब सुप्रीम कोर्ट में पहुंच चुका है। मां और पत्नी के बीच सुलह की कोशिश नाकाम रही जिस वजह से अब ये विवाद कोर्ट रूम पहुंच गया।
मां रानी कपूर और पत्नी प्रिया कपूर के बीच कई तरह से सुलह की कोशिश की गई लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। यह मामला फैमिली ट्रस्ट पर रानी कपूर के दावे से जुड़ा है। मां रानी कपूर का आरोप है कि उनकी संपत्ति को उनकी जानकारी और सहमति के बिना ट्रस्ट में ट्रांसफर कर दिया गया था।
15 बैठकों का नहीं निकला नतीजा
गुरुवार को कोर्ट को बताया गया कि सुलह के लिए 15 बार बैठकें हुई। इसके बावजूद दोनों पक्ष किसी समझौते पर नहीं पहुंच सके। इसके बाद कोर्ट ने संकेत दिया कि वह इस मामले में अपना आदेश सुनाएगा।
मां का 6000 करोड़ का है दावा
कोर्ट ने यह भी जानना चाहा कि रानी कपूर की मांगें क्या हैं? इस पर जस्टिस जेबी पारदीवाला ने टिप्पणी की, "यह स्पष्ट नहीं है कि कौन किसके खिलाफ लड़ रहा है।" रानी कपूर के वकील ने अदालत को बताया कि 80 से अधिक उम्र की यह महिला पारिवारिक ट्रस्ट में अपना हिस्सा मांग रही हैं, और उन्होंने इस दावे का मूल्य 6,000 करोड़ रुपये आंका है।
मध्यस्थता से नहीं निकला हल
इससे यह सवाल उठा कि अगर उसे इतनी बड़ी रकम देनी पड़े, तो ट्रस्ट की संपत्तियों को कैसे भुनाया जाएगा और ऐसा भुगतान कैसे किया जा सकेगा। सुनवाई के दौरान, सुप्रीम कोर्ट ने दोनों पक्षों से लचीला रुख अपनाने को कहा। इसके साथ ही कोर्ट ने सवाल किया कि इस विवाद को मध्यस्थता (mediation) के जरिए क्यों नहीं सुलझाया जा सकता।
कोर्ट ने मध्यस्थ द्वारा सौंपी गई दूसरी रिपोर्ट पर ध्यान दिया, जिसमें बताया गया था कि मध्यस्थता प्रक्रिया किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी।
प्रिया ने मध्यस्थता पर उठाए सवाल
प्रिया कपूर की ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील मुकुल रोहतगी ने मध्यस्थता (mediation) प्रक्रिया को जारी रखने पर आपत्ति जताई। उन्होंने तर्क दिया कि दोनों पक्षों को पहले ही पर्याप्त अवसर दिए जा चुके हैं और अब इस प्रक्रिया को समाप्त कर देना चाहिए।
बता दें कि सर्वोच्च न्यायालय ने अप्रैल में ही इस हाई-प्रोफाइल मामले में मध्यस्थता का सुझाव दिया था। मई में, दोनों पक्ष मध्यस्थता के लिए सहमत हो गए, जिसके बाद भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ को समझौते की प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने के लिए नियुक्त किया गया था।
क्या है मां की मांग
यह विवाद रानी कपूर के उस आरोप से शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके बेटे संजय कपूर और बहू रानी कपूर ने उनकी जानकारी के बिना, उनकी उन संपत्तियों को 'आरके फैमिली ट्रस्ट' में ट्रांसफर कर दिया, जो उन्हें अपने दिवंगत पति से विरासत में मिली थीं। मां ने उसे वापस लेने की मांग की थी। 2025 में इंग्लैंड में संजय कपूर की मृत्यु के बाद, ट्रस्ट और पारिवारिक संपत्तियों के नियंत्रण को लेकर विवाद गहरा गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।