विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हंगामा क्यों है बरपा...', पीएम मोदी की तारीफ के बाद मचे सियासी बवाल पर बोले सैम पित्रोदा

Published: Fri, 13 Nov 2026 11:07 AM (IST)Updated: Fri, 13 Nov 2026 11:08 AM (IST)

सैम पित्रोदा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'गुजराती साथी' बताने पर हुई बहस पर स्पष्टीकरण दिया है। उन्होंने कहा कि ...और पढ़ें

सैम पित्रोदा ने पीएम मोदी को बताया गुजराती दोस्त, छिड़ा राजनीतिक विवाद। (फाइल फोटो।)

सैम पित्रोदा ने पीएम मोदी को बताया गुजराती दोस्त, छिड़ा राजनीतिक विवाद। (फाइल फोटो।)

HighLights

  1. पित्रोदा ने पीएम मोदी को 'गुजराती साथी' कहा।

  2. मतभेद राजनीतिक, व्यक्तिगत नहीं, सम्मान करते हैं।

  3. कांग्रेस छोड़ने की अटकलों को सिरे से किया खारिज।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना गुजराती साथी बताया तो पीएम मोदी ने भी उन्हें दीपावली और गुजरात नव वर्ष की शुभकामनाएं दी। इसको लेकर राजनीतिक बहस छिड़ गई है।

अब पित्रोदा ने एक बार फिर से कहा है कि गुजराती साथी होने के नाते वह पीएम मोदी का सम्मान करते हैं। उनके बीच जो मतभेद हैं वह राजनीतिक हैं न कि व्यक्तिगत। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा, "मैं नरेंद्र भाई को लंबे समय से जानता हूं, उनके प्रधानमंत्री बनने से भी पहले से। मैं तो उनके घर भी गया हूं। हम दोनों गुजराती हैं तो हमारा एक खास जुड़ाव है।"

क्यों छिड़ी राजनीतिक बहस?

दरअसल, सैम पित्रोदा लंबे समय से बीजेपी के निशाने पर रहे हैं। सत्ताधारी पार्टी ने कांग्रेस पर देश को नुकसान पहुंचाने के लिए विदेशी ताकतों के साथ मिलीभगत करने का आरोप लगाया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के विदेशी दौरों में भी पित्रोदा अहम भूमिका निभाते रहे हैं, जिसे लेकर बीजेपी ने उन पर तीखे हमले किए हैं।

इस हफ्ते भी बीजेपी ने हाल के विरोध-प्रदर्शनों को लेकर पित्रोदा और कांग्रेस पर निशाना साधा और विदेशी मिलीभगत का आरोप दोहराया। पित्रोदा ने इस आरोप को सिरे से खारिज करते हुए इसे बेबुनियाद बताया। कांग्रेस नेता 1984 के सिख दंगों पर अपनी टिप्पणी को लेकर भी बीजेपी के निशाने पर आ गए थे, जब उन्होंने कहा था, "40 साल पहले हुई किसी घटना पर हमें चर्चा क्यों करनी चाहिए?"

इस तमाम राजनीतिक खींचतान के बीच प्रधानमंत्री और पित्रोदा के बीच की आत्मीयता और एक-दूसरे की तारीफ करना चर्चा और अटकलों का विषय बन गया। प्रधानमंत्री ने गुरुवार को दिवाली और गुजराती नव वर्ष के अवसर पर पित्रोदा को शुभकामनाएं दीं। यह चौंकाने वाली शुभकामना तब आई जब पित्रोदा ने प्रधानमंत्री को अपना गुजराती दोस्त बताया और कहा कि व्यक्तिगत स्तर पर उन्हें प्रधानमंत्री से कोई दिक्कत नहीं है।

पित्रोदा ने किया सवाल

इस पूरे मामले पर पित्रोदा ने सवाल करते हुए कहा, शुभकामनाओं के आदान-प्रदान पर इतना हंगामा क्यों हो रहा है? उन्होंने कहा, "व्यक्तिगत स्तर पर वे मेरे दोस्त और शुभचिंतक हैं, भले ही हमारी विचारधाराएं और राजनीति अलग-अलग हों। आज भी अगर हमारी मुलाकात हो तो मैं खुशी-खुशी उनसे बातचीत करूंगा और हंसूंगा-बोलूंगा। किसी ने मुझे उनकी पोस्ट के बारे में बताया। मैंने भी उन्हें शुभकामनाएं भेजीं और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। मेरा कोई दुश्मन नहीं है। मैं सबका सम्मान करता हूं। मैं गांधीवादी हूं। वे कड़ी मेहनत करते हैं और एक अच्छे वक्ता हैं तो फिर इस बात पर इतना हंगामा क्यों?"

उन्होंने कांग्रेस नेता हुसैन दलवई के उस सुझाव को भी सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि प्रधानमंत्री की तारीफ करने का मतलब यह हो सकता है कि वे पाला बदलने की योजना बना रहे हैं। पित्रोदा ने कहा, "उनका दिमाग खराब हो गया है। उन्हें शर्म आनी चाहिए। मैं कभी कांग्रेस नहीं छोड़ूंगा।"

सिख दंगों पर अपनी टिप्पणियों के बारे में पित्रोदा ने स्पष्ट किया कि उनकी बातों को संदर्भ से हटकर पेश किया गया। उन्होंने कहा, "मैंने कहा था कि हमें आगे बढ़ने की जरूरत है। मैं भविष्य की बात कर रहा हूं। मेरा यह मतलब नहीं है कि हमें पुरानी घटनाओं को भुला देना चाहिए। मीडिया अक्सर मेरी बातों को संदर्भ से अलग करके पेश करता है, क्योंकि उन्हें विवादों से ही फायदा मिलता है।"

यह भी पढ़ें: सैम पित्रोदा ने की तारीफ तो पीएम मोदी ने दीं दीपावली की शुभकामनाएं, एक्स यूजर बोला- मुझे भी बधाई दो 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।