विवादित साध्वी जयश्री गिरी कोर्ट में हुई पेश, पुलिस पर लगाया ये आरोप
बीमारी के इलाज के लिए 10 दिन के पैरोल पर रिहा विवादित साध्वी 14 जून को अहमदाबाद के हिमालय मॉल से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई थी।
नई दिल्ली। पुलिस हिरासत से फरार हुई साध्वी जयश्री गिरी को राजस्थान से गिरफ्तार किए जाने के बाद अहमदाबाद ले जाया गया और वहां मेट्रोपॉलिटन कोर्ट के समक्ष पेश किया गया। इस दौरान साध्वी ने मजिस्ट्रेट से पुलिस द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत की।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, एक लिखित याचिका में बताया कि किस तरह से सिटी क्राइम ब्रांच के एक इंस्पेक्टर के इशारे पर उसके साथ मारपीट की गई। मजिस्ट्रेट ने पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि साध्वी को चेकअप के लिए अस्पताल ले जाया जाए और फिर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
गौरतलब है कि बीमारी के इलाज के लिए 10 दिन के पैरोल पर रिहा बनासकांठा के मुक्तेश्वर मठ की विवादित साध्वी 14 जून को अहमदाबाद के हिमालय मॉल से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई थी। अपराध शाखा पुलिस की जांच में पता चला था कि साध्वी महिला हेडकांस्टेबल बेला बेन के साथ हिमालय मॉल गई थी। उस समय अन्य दो कांस्टेबल अपने घर कपड़े बदलने गए थे, जबकि अन्य एक महिला कांस्टेबल साध्वी के वकील दर्शना बेन के घर थी।
साध्वी ने पहले हिमालय मॉल के मसाज पालर में मसाज करवाई। उसके बाद शॉपिंग की। वहीं बिग सिनेमा में साध्वी हेडकांस्टेबल के साथ 'बाहुबली-2' देखने पहुंची। फिल्म देखने के दौरान वॉशरूम जाने का कहकर साध्वी फरार हो गई थी। मगर मंगलवार देर रात क्राइम ब्रांच ने राजस्थान से उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: केरल में इस कारण तंग आकर किसान ने दे दी जान