रूसी विदेश मंत्री बोले, भारत के शामिल होने से एससीओ का कद बढ़ा
शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (एससीओ) में भारत के शामिल होने से न सिर्फ समूह का राजनीतिक कद और क्षमता बढ़ गई है।
नई दिल्ली, आइएएनएस। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने सोमवार को कहा कि शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (एससीओ) में भारत के शामिल होने से न सिर्फ समूह का राजनीतिक कद और क्षमता बढ़ गई है बल्कि अफगानिस्तान समेत मध्य और दक्षिण एशिया में स्थायित्व लाने की समूह की क्षमता में भी इजाफा हुआ है।
विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लावरोव ने कहा कि भारत की स्वतंत्र और जिम्मेदार विदेश नीति का वैश्विक व क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थायित्व में अहम योगदान रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस विरासत को बनाए रखते हुए और मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार अभी संतोषजनक नहीं है। लक्ष्य यह है कि इसे 2025 तक 30 अरब अमेरिकी डॉलर तक बढ़ाया जाए। रूसी विदेश मंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग बढ़ा है, इससे रूस से भारत को तकनीक का हस्तांतरण भी बढ़ेगा।