राजनाथ सिंह की सभी राज्यपालों से कोविड-19 पर चर्चा, सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों से भी मदद की दरकार
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राज्यपालों से कहा कि वे पूर्व सैनिकों को महामारी से लड़ने के लिए कैसे काम पर लगाए इसपर भी ध्यान दें। इसके अलावा अर्धसैनिक कर्मचारियों नर्सों और डॉक्टरों को जो फोर्सेस से सेवानिवृत्त हुए हैं को इस लड़ाई में शामिल किया जाना चाहिए।
नई दिल्ली, एएनआइ। भारत में कोविड-19 की दूसरी लहर से भारी नुकसान पहुंचा है। आए दिन हजारों की संख्या में लोगों की जान जा रही है। बीते कई दिनों से रिकॉर्ड मामले दर्ज हो रहे हैं। इस बीच सरकार, विपक्ष व आम आदमी खुद जरूरतमंदों की मदद के लिए जी तोड़ मेहनत कर रहा है। वहीं, अब जरूरत को देखते हुए सेवानिवृत्त हुए स्टाफ को भी सेवा में लाने का विचार किया जा रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सभी राज्य राज्यपालों से बात COVID-19 स्थिति पर चर्चा की है। उन्होंने राज्यपालों से राज्य सरकारों को विश्वास में लेने के लिए कहा है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राज्यपालों से कहा कि वे पूर्व सैनिकों को महामारी से लड़ने के लिए कैसे काम पर लगाए, इसपर भी ध्यान दें। इसके अलावा, अर्धसैनिक कर्मचारियों, नर्सों और डॉक्टरों को जो फोर्सेस से सेवानिवृत्त हुए हैं, को इस लड़ाई में शामिल किया जाना चाहिए।
इससे पहले राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा था कि सार्वजनिक क्षेत्र के रक्षा उपक्रमों (डीपीएसयू) और आयुध कारखाना बोर्ड (ओएफबी) के सभी चिकित्सा केंद्रों को कोरोना वायरस से संक्रमित आम लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की अनुमति दे दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि सशस्त्र बल और रक्षा मंत्रालय महामारी से निपटने के लिए नागरिक प्रशासन को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।