'हत्या करवाने के लिए जानबूझकर हटाई गई थी राजीव की सुरक्षा', राहुल-प्रियंका से बातचीत में भावुक हुईं सोनिया गांधी
सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग' पर राहुल और प्रियंका से बातचीत में आरोप लगाया कि राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी ताकि उनकी हत्या की जा सके।

राहुल-प्रियंका से अपनी किताब के बारे में बात करते हुए सोनिया गांधी ने गंभीर आरोप लगाए। (फोटो- स्क्रीनग्रैब,सोशल साइट X/@RahulGandhi)
HighLights
सोनिया गांधी ने राजीव की सुरक्षा हटाने पर गंभीर आरोप लगाए।
कहा, सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी ताकि उनकी हत्या हो।
राहुल गांधी ने भी पिता की सुरक्षा हटाने में मकसद बताया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सुरक्षा हटाए जाने को लेकर एक बार फिर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह जानबूझकर किया गया था, ताकि उनकी हत्या की जा सके।
अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के बारे में अपने बच्चों, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने उन आशंकाओं को याद किया जो उन्होंने राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर जताई थीं, और उन घटनाओं का जिक्र किया जिन्होंने उनकी चिंताओं को और गहरा कर दिया था।
सोशल साइट X पर पोस्ट करते हुए सोनिया गांधी ने एक वीडियो में बतया कि उन्होंने अपनी यादों के आधार पर यह किताब लिखी है, जबकि राहुल और प्रियंका ने भी अपनी यादें इसमें जोड़ीं, जिससे इन कहानियों में 'एक नई जान' आ गई।
उन्होंने अपने बच्चों को अपनी खुशी और ताकत का सबसे बड़ा स्त्रोत बताया, और साथ ही मजाक में यह भी कहा कि कि ये दोनों ही लोग उनके धैर्य की सबसे ज्यादा परीक्षा लेते हैं।
बिहार दौरे और खुली जीप में पथराव का किया जिक्र
बातचीत के दौरान सोनिया गांधी ने विपक्ष के नेता के रूप में राजीव गांधी के दौरों का याद किया, जब वे एक खुली जीप में यात्रा करते थे और उन्हें पत्थरबाजी और विरोध प्रदर्शनों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने कहा,'यह बहुत ही भयानक दौरा था।' उन्होंने सुरक्षा इंतजामों को लेकर अपनी चिंताओं को याद किया, खासकर उन राज्यों के दौरों के दौरान जहां विपक्षी दलों की सरकारें थीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग उनकी सुरक्षा के लिए जिम्मेदार थे, उन्होंने उनकी सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। सोनिया ने कहा कि बिहार का दौरा उनकी चिंताओं को बढ़ाने वाली आखिरी घटना थी, हालांकि उन्होंने इस मुद्दे को पहले भी उठाया था। इसके बाद उन्होंने राजीव गांधी की सुरक्षा हटाए जाने को लेकर एक गंभीर आरोप लगाया।
बातचीत के दौरान सोनिया गांधी ने आरोप लगाया, 'पापा की सुरक्षा इसलिए हटाई गई ताकि उनकी हत्या हो सके। पापा की सुरक्षा का हटाया जाना कोई इत्तेफाक नहीं था। यह जानबूझकर किया गया था ताकि उनकी हत्या हो सके।'
जब राहुल ने मां से कहा था- 'बहुत जल्द पापा के अंतिम संस्कार में आऊंगा'
सोनिया ने उस वाकये को भी याद किया जब युवा राहुल अपने पिता के साथ ऐसे ही एक दौरे पर गए थे और वहां पत्थरबाजी देखी थी। सोनिया ने याद किया कि कैसे राहुल घर लौटे और अपने पिता की सुरक्षा को लेकर डर जताया। उन्होंने बताया,'जब वह घर आया, तो उसने मुझसे कहा, 'मम्मा अगर हमने पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया, तो मुझे पता है कि मैं बहुत जल्द उनके अंतिम संस्कार के लिए वापस आऊंगा'।'
राहुल बोले- 500 पन्नों के बाद भी मां ने कुछ बातें छोड़ दीं
सोशल साइट X पर वीडियो शेयर करते हुए राहुल गांधी ने भी लिखा कि उनके पिता की सुरक्षा हटाने के पीछे एक खास मकसद था।
किताब का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा की 500 से ज्यादा पन्नों की किताब होने के बाद भी उनकी मां ने कुछ बातें छोड़ दी हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके पिता की सुरक्षा हटाने के पीछे एक खास मकसद था।
उन्होंने लिखा, ' 2004 के फैसले से हममें से कुछ लोगों को राहत मिली, तो कुछ को खुशी हुई। पापा की सुरक्षा हटाने के पीछे एक मकसद था। और 500 से ज्यादा पन्नों के बाद भी, मां ने अपनी किताब में कुछ बातें छोड़ दी हैं।'
राहुल ने बताया कि वह और प्रियंका अपनी मां के साथ बैठकर उन यादों को फिर से ताजा कर रहे थे, जिसमें खुशी के पलों के साथ-साथ दर्दनाक अनुभव भी शामिल थे।
उन्होंने आगे कहा, 'उन यादों में वापस जाने पर वह खुशी, वह हंसी और उस समय महसूस किया गया दर्द फिर से ताजा हो गया। 'बिलॉन्गिंग' के नाम से मां का सफर बहुत सारे प्यार और भयानक त्रासदी से भरा रहा है, और उन्होंने इन सबका सामना पूरी गरिमा और हिम्मत के साथ किया है।'
वहीं, सोनिया ने इस किताब को अपनी यादों का हिस्सा बताते हुए कहा कि राहुल और प्रियंका की यादें जुड़ने से इन कहानियों में नई जान आ गई है।
उन्होंने अपने बच्चों को अपनी सबसे बड़ी खुशी और ताकत बताया, साथ ही मजाकिया अंदाज में कहा कि ये दोनों उनके धैर्य की सबसे ज्यादा परीक्षा भी लेते हैं।
बातचीत में सोनिया ने 1968 में इटली से भारत आने के शुरुआती दिनों को भी याद किया और बताया कि उस समय देश में व्याप्त गरीबी ने उन्हें सबसे ज्यादा हैरान किया था।
यह भी पढ़ें- सावरकर पर टिप्पणी को लेकर सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस, 15 दिन में बिना शर्त माफी मांगने की मांग
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।