विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राहुल गांधी ने वैश्विक राजनीति में भारत को बताया 'साइड प्लेयर', BJP ने कहा- पाकिस्तान के फैन ब्वॉय

Published: Fri, 20 Nov 2026 09:31 AM (IST)

राहुल गांधी ने शिकागो में भारत को वैश्विक राजनीति में 'साइड प्लेयर' बताया, जबकि पाकिस्तान को बड़ी ताकतों से जुड़ते देखा।

अमेरिका में राहुल गांधी के बयान पर मचा राजनीतिक बवाल। (फोटो- एएनआई।)

अमेरिका में राहुल गांधी के बयान पर मचा राजनीतिक बवाल। (फोटो- एएनआई।)

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने विश्विक राजनीति के मामले में भारत को साइड प्लेयर बताया है। उनका तर्क है कि भारत ने अंतरराष्ट्रीय चर्चाओं को स्वतंत्र रूप से दिशा देने की अपनी क्षमता खो दी है, जबकि पाकिस्तान अमेरिका और ईरान जैसी बड़ी ताकतों के साथ जुड़ रहा है। उनके इस बयान पर राजनीतिक बवाल शुरू हो गया है।

अमेरिका में यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में बोलते हुए राहुल ने कहा कि भारत ने पारंपरिक रूप से अंतरराष्ट्रीय संबंधों में एक स्वतंत्र दृष्टिकोण अपनाया है, जिसमें रणनीतिक साझेदारियों के साथ-साथ वैश्विक घटनाक्रमों को लेकर एक स्वतंत्र समझ भी शामिल रही है। उन्होंने तर्क दिया कि भारत को महत्वपूर्ण वैश्विक राजनीतिक चर्चाओं से लगातार बाहर रखा जा रहा है।

'भारत साइड प्लेयर, पाकिस्तान बातचीत में व्यस्त'

राहुल गांधी ने कहा, "भारत की जिओपॉलिटिक्स को लेकर हमेशा से बहुत गहरी और समझदारी भरी सोच रही है। हमारी साझेदारियां थीं, हमारे संबंध थे, लेकिन हमारी अपनी एक स्वतंत्र सोच भी थी। अपने आकार की वजह से वैश्विक स्तर पर भारत की स्वाभाविक रूप से एक अहम आवाज है और उसे वैश्विक चर्चाओं में सक्रिय रूप से शामिल होना चाहिए। लेकिन सच कहूं तो भारत अब एक साइड प्लेयर बनकर रह गया है, जबकि पाकिस्तान ईरान और अमेरिका के साथ बातचीत करने में व्यस्त है।"

'दोस्ती के सहारे नहीं होती जिओपॉलिटिक्स'

पाकिस्तान के साथ राजनयिक जुड़ाव पर हैरानी जताते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि क्या विश्व नेताओं के बीच के व्यक्तिगत संबंध भारत की विदेश नीति का आधार बन सकते हैं। उन्होंने कहा, "पीएम मोदी कहते रहते हैं वह मेरा दोस्त है लेकिन यहां दोस्ती की बात नहीं है और जिओपॉलिटिक्स इस तरह से काम नहीं कर सकती। दोस्ती की परवाह किसे है? क्या आपको सच में लगता है कि जिओपॉलिटिक्स इसलिए काम करेगी क्योंकि वह व्यक्ति आपका दोस्त है?"

बीजेपी का पलटवार

इन टिप्पणियों पर बीजेपी की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई। पार्टी ने राहुल पर आरोप लगाया कि उन्होंने विदेशी धरती पर बोलते हुए भारत की अंतरराष्ट्रीय साख को नुकसान पहुंचाया है। बीजेपी प्रवक्ता सीआर केसवन ने कांग्रेस नेता की टिप्पणियों को बेहद निंदनीय और अक्षम्य बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ने देश को सार्वजनिक रूप से एक साइड प्लेयर पक्ष के रूप में पेश करके भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है।

केशवन ने कहा, "विपक्ष के नेता राहुल गांधी पाकिस्तान के लिए एक उत्साही चीयरलीडर और बेशर्म प्रचारक की तरह लगते हैं। उनके गैर-जिम्मेदाराना बयान यह उजागर करते हैं कि राहुल गांधी को ग्लोबल जिओपॉलिटिक्स के बारे में कितनी कम समझ है।"

यह दावा करते हुए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर आम सहमति बनाने वाले देश के रूप में उभरा है केसवन ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व देश की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।

'राहुल गांधी पाकिस्तान के प्रशंसक'

बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी गांधी द्वारा बार-बार पाकिस्तान का जिक्र किए जाने पर सवाल उठाए और उन पर आरोप लगाया कि वे पड़ोसी देश को भारत की कूटनीतिक पहुंच के लिए एक मॉडल के रूप में पेश कर रहे हैं।

भंडारी ने कहा, "राहुल गांधी को पाकिस्तान से इतना लगाव क्यों है! हर वैश्विक मंच पर राहुल ऐसे बर्ताव करते हैं जैसे वे पाकिस्तान के बहुत बड़े प्रशंसक हों!" उन्होंने तर्क दिया कि पाकिस्तान के बजाय भारत को उसके राजनयिक प्रयासों के लिए मान्यता मिली है। उन्होंने इसके लिए रूस और यूक्रेन के साथ भारत के जुड़ाव और ईरान के साथ उसके संबंधों का हवाला दिया।

यह भी पढ़ें: राहुल के 'सेक्रेड' को भाजपा ने समझा 'सिक', लोकतंत्र वाले बयान पर छिड़ा सियासी घमासान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।