राहुल के 'सेक्रेड' को भाजपा ने समझा 'सिक', लोकतंत्र वाले बयान पर छिड़ा सियासी घमासान
भाजपा ने राहुल गांधी पर विदेशी धरती से भारतीय चुनावी प्रक्रिया और लोकतंत्र पर सवाल उठाने का आरोप लगाया है।

राहुल गांधी के लोकतंत्र पर विदेशी बयान को लेकर भाजपा का पलटवार (स्क्रीनग्रैब- @pradip103)
HighLights
राहुल गांधी पर विदेशी धरती से भारत विरोधी दुष्प्रचार का आरोप।
भाजपा ने चुनावी प्रक्रिया और लोकतंत्र पर सवाल उठाने की निंदा की।
कांग्रेस को राहुल गांधी का AI संस्करण भेजने का सुझाव दिया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा ने भारतीय चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। भाजपा ने आरोप लगाया कि गांधी ने विदेशी धरती से "भारत विरोधी दुष्प्रचार" किया और देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास किया।
भाजपा ने यह भी कहा कि कांग्रेस को अपने नेता का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से तैयार संस्करण विदेश भेजने पर विचार करना चाहिए क्योंकि वह बार-बार एक ही बातें दोहराते हैं।
भाजपा प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राहुल गांधी शिकागो में भारत के खिलाफ टिप्पणी कर रहे हैं। इसी शहर में कभी स्वामी विवेकानंद ने देश का गौरव बढ़ाया था।
उन्होंने कहा, "आज हमारे सामने विपक्ष का ऐसा नेता है जो भारत माता की प्रतिष्ठा को धूमिल कर रहा है। यह कांग्रेस के लिए दुर्भाग्यपूर्ण और भारतीयों के लिए दुखद है" त्रिवेदी ने सुझाव दिया कि कांग्रेस को गांधी को विदेश भेजने पर पैसा खर्च करना बंद कर देना चाहिए और एआई से तैयार संस्करण भेजने का विचार करना चाहिए। त्रिवेदी ने चुटकी ली कि चार विकल्पों के साथ प्रोग्राम किया गया एआई माडल राहुल गांधी से बेहतर काम कर सकता है।
त्रिवेदी ने कहा-" अगर आप भारत के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करना चाहते हैं तो विकल्प एक दबाएं, प्रधानमंत्री के खिलाफ कुछ कहना चाहते हैं तो विकल्प दो दबाएं, लोकतंत्र को लेकर हंगामा करना चाहते हैं तो विकल्प तीन दबाएं और भारत-विरोधी कोई बात उठाकर अपनी ही पार्टी को शर्मिंदा करना चाहते हैं तो विकल्प चार दबाएं।"
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने भी राहुल की विदेश यात्राओं के दौरान भारत के बारे में दिए गए बयानों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि गांधी को देश की अर्थव्यवस्था को "डेड" बताने से बचना चाहिए, जबकि अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने भारत को सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में मान्यता दी है।
उन्होंने सवाल किया कि अगर भारत में लोकतांत्रिक स्वतंत्रता नहीं है, तो विपक्ष विरोध प्रदर्शन और सरकार की आलोचना कैसे कर सकता है? उन्होंने गांधी की टिप्पणियों को भारत की प्रगति को कमजोर करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास बताया।
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल के बयानों को "परिवार से प्यार लेकिन लोकतंत्र से नफरत" करार दिया। उन्होंने कहा कि गांधी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह भारत के लोकतांत्रिक ताने-बाने के खिलाफ हैं।
भाजपा प्रवक्ता सीआर केशवन ने भी राहुल पर विदेशी धरती पर भारत की चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल ने चुनाव प्रक्रिया के बारे में लगाए गए आरोपों के समर्थन में कोई हलफनामा अभी तक दाखिल नहीं किया है।
केशवन ने कहा कि गांधी बार-बार चुनावों में असफल हो रहे हैं और जनता उन्हें नकार रही है।
गुरुवार को बीजेपी ने राहुल गांधी पर विदेशी धरती से भारतीय लोकतंत्र को 'बीमार' बताने का गंभीर आरोप लगाते हुए उन पर तीखा हमला बोला।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' राहुल गांधी के भाषण की एक क्लिप साझा करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने उन्हें भारत-विरोधी प्रचार का नेता करार दिया।
भंडारी ने लिखा, 'राहुल गांधी ने विदेशी धरती से भारतीय लोकतंत्र को 'बीमार' बताया है। कांग्रेस भारतीय लोकतंत्र को बीमार कहती है। राहुल ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उन्हें सिर्फ अपने परिवार से प्यार है और लोकतंत्र से नफरत।'
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।