'वोट और सरकार के बाद अब भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर कर रहे पार्टी चोरी,' राहुल गांधी का बड़ा आरोप
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और भाजपा पर तृणमूल कांग्रेस का चुनाव चिन्ह जब्त करने को लेकर तीखा हमला बोला ...और पढ़ें
-1789742407159_m.webp)
राहुल गांधी का भाजपा और चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस का चुनाव चिन्ह जब्त करने के फैसले पर गंभीर सवाल उठाते हुए मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनादेश की रक्षा करने की संवैधानिक जिम्मेदारी निभाने के उलट चुनाव आयोग लोकतंत्र के पतन का प्रतीक बन गया है।
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर ममता बनर्जी के समर्थन में उतरने का एलान करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर पार्टियों को तोड़ रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि वोट चोरी, सरकार चोरी के बाद अब पार्टी चोरी हो रही है और यह लड़ाई सिर्फ ममता बनर्जी नहीं हर उस राजनीतिक दल, हर मतदाता की है जो स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव चाहता है।
तृणमूल कांग्रेस के सांसदों-विधायकों को बड़े पैमाने पर तोड़े जाने के बाद अब सिंबल जब्त किया जाना जहां ममता के लिए एक और बड़ा झटका है, वहीं विपक्षी राजनीति का नेतृत्व कर रही कांग्रेस के लिए भी यह पैटर्न चिंता बढ़ाने वाला है।
कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दल इसमें अपने लिए भी भविष्य के छुपे खतरे देखने लगे हैं। इसीलिए तृणमूल का सिंबल जब्त करने का गुरूवार को फैसला आते ही कांग्रेस की ओर से पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने चुनाव आयोग के फैसले की कड़ी निंदा करने में देर नहीं लगाई।
बताया जाता है कि गुरूवार रात ही राहुल गांधी की ममता बनर्जी से फोन पर इस मसले पर बातचीत हुई। सिंबल फ्रीज करने के खिलाफ शुक्रवार सुबह ही चुनाव आयोग पर नेता विपक्ष का हमला इसी संवाद का नतीजा माना जा रहा है।
राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा ''पहले शिवसेना, फिर एनसीपी और अब तृणमूल कांग्रेस। हर बार एक ही पैटर्न, भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर एक पार्टी को तोड़ते हैं। फिर उसका चुनाव चिन्ह छीन लिया जाता है।
जब पूरी की पूरी पार्टी चोरी हो सकती है, तो करोड़ों भारतीयों के वोट चोरी होना भी हैरानी की बात नहीं। वोट चोरी, सरकार चोरी, अब पार्टी चोरी ये हमारे लोकतांत्रिक पतन के प्रतीक बन गए हैं। चुनाव आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी जनादेश की रक्षा करना है मगर उल्टा वो उन ताकतों की मदद कर रहा है, जो जनता के फैसले को ही पलट देते हैं।''
कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने राहुल गांधी के हमलों का समर्थन करते हुए कहा कि एक तरफ तो भाजपा चाहती है कि हम मानें कि पीएम मोदी बहुत लोकप्रिय हैं। दूसरी तरफ वह चुनाव आयोग का इस्तेमाल करके चुनावी फंडिंग, परिसीमन, वोटर लिस्ट, राजनीतिक पार्टियों और पूरी चुनावी व्यवस्था पर कब्जा कर रही है।
खेड़ा ने कहा कि बड़ी रैलियां, इन्फ्लुएंसर सम्मेलन, पेड पीआर, फिल्में, डॉक्यूमेंट्री से लेकर उनके पास सब कुछ है फिर भी भाजपा को अपनी लोकप्रियता पर भरोसा नहीं है और वह चुनाव आयोग की मदद से पिछले दरवाजे से सत्ता में वापस आती है।
लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने कहा कि भारत का चुनाव आयोग जिसे कभी दुनिया भर में सम्मान मिलता था अब तानाशाही वाले देशों की संस्थाओं जैसा हो गया है।
यह भी पढ़ें- 'भस्मासुर है कांग्रेस', राहुल गांधी के पार्टी तोड़ने वाले आरोप पर किरेन रिजिजू का पलटवार
यह भी पढ़ें- TMC के नाम और चुनाव चिह्न फ्रीज होने के बाद अब ममता बनर्जी को नंदीग्राम उपचुनाव में लगा बड़ा झटका
