'जनता की जिंदगी तबाह कर दी', दूषित पानी-जहरीले कफ सीरप के मुद्दे पर राहुल गांधी का भाजपा पर हमला
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इंदौर के दूषित जल, जहरीले कफ ...और पढ़ें

लेकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी। (फाइल फोटो)
HighLights
राहुल गांधी ने भाजपा सरकारों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
दूषित जल, कफ सिरप मौतों, अंकिता भंडारी मुद्दे उठाए।
कहा, 'डबल इंजन' सरकारें जनता को तबाह कर रही हैं।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने इंदौर के दूषित जल तथा जरहीले कफ सीरप से हुई मौतों से लेकर अंकिता भंडारी जैसे मामले को उठाते हुए केंद्र और राज्यों की भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोला है।
भाजपा पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने दावा किया कि देश भर में 'भ्रष्ट' जनता पार्टी की डबल इंजन सरकारों ने जनता की जिंदगी तबाह कर दी है और भ्रष्टाचार के साथ सत्ता का दुरुपयोग तथा अहंकार का जहर भाजपा की राजनीति में ऊपर से नीचे तक फैल चुका है।
राहुल गांधी ने भाजपा पर लगाया आरोप
साथ ही यह आरोप भी लगाया कि भाजपा के सिस्टम में गरीब, असहाय, मजदूर और मध्यमवर्ग की जिंदगी सिर्फ आंकड़ा है और विकास के नाम पर वसूली-तंत्र चल रहा है।
एक्स पर लंबे पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा कि उत्तराखंड में अंकिता भंडारी की निर्मम हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया। लेकिन सवाल आज भी वही है, सत्ता का संरक्षण भाजपा के किस वीआईपी को बचा रहा है? कानून सबके लिए बराबर कब होगा?
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव कांड में भी पूरा देश देख चुका है कि सत्ता के गुरूर में अपराधियों को कैसे बचाया गया और पीडि़ता को न्याय के लिए कितनी कीमत चुकानी पड़ी।
दूषित पानी से लेकर अरावली तक के मुद्दे पर घेरा
कांग्रेस नेता ने कहा कि इसी तरह इंदौर में जहरीला पानी पीकर मौतें हों या गुजरात-हरियाणा-दिल्ली तक “काले पानी'' और दूषित सप्लाई की शिकायतें हर तरफ बीमारियों का डर है। राजस्थान की अरावली हो या प्राकृतिक संसाधन जहां-जहां अरबपतियों का लालच और स्वार्थ पहुंचा, वहां-वहां नियमों को रौंद दिया गया। पहाड़ काटे जा रहे हैं, जंगल उजाड़े जा रहे हैं -और जनता को बदले में धूल, प्रदूषण और आपदा मिल रहा है।
खांसी के सिरप से बच्चों की मौतें, सरकारी अस्पतालों में नवजातों को मारते चूहे, सरकारी स्कूलों की गिरती छतों का मसला उठाते हुए नेता विपक्ष ने कहा कि ये “लापरवाही'' नहीं भ्रष्टाचार की सीधी मार है। पुल गिरते हैं, सड़कें धंसती हैं, ट्रेन हादसों में परिवार मिट जाते हैं और भाजपा सरकार हर बार फोटो-ऑप, ट्वीट और मुआवजे की औपचारिकता निभाती है।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा ''मोदी जी का डबल इंजन'' चल रहा है, लेकिन सिर्फ अरबपतियों के लिए। आम भारतीय के लिए ये भ्रष्टाचार की डबल इंजन सरकार विकास नहीं, तबाही की रफ्तार है जो हर दिन किसी न किसी की जिदगी कुचल रहा है।''
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।