'गोद में बैठना और हाथ थामे रखना', इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर राहुल-प्रियंका ने शेयर किया भावुक पोस्ट
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 42वीं पुण्यतिथि पर राहुल और प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा किए, बचपन की यादें ताजा कीं।

राहुल और प्रियंका गांधी ने अपनी दादी इंदिरा गांधी को किया याद।
HighLights
राहुल-प्रियंका ने इंदिरा गांधी को भावुक पोस्ट में याद किया।
बचपन की यादें साझा करते हुए तस्वीरें भी पोस्ट कीं।
कांग्रेस नेताओं ने शक्ति स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री और दिवंगत नेता इंदिरा गांधी की 42वीं पुण्यतिथि के मौके पर लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर करके उन्हें याद किया। उन्होंने इंदिरा गांधी के साथ बिताए बचपन के पलों याद करते हुए तस्वीरें भी शेयर कीं।
एक्स पर एक पोस्ट में राहुल ने अपनी दादी की गोद में बैठने, उनके हाथ थामने और उनके पीछे-पीछे संस्कृत के श्लोक दोहराने की याद साझा की। उन्होंने इस याद को अपनी दादी की ओर से मिला एक खूबसूरत तोहफा बताया।
राहुल गांधी ने क्या लिखा?
उन्होंने लिखा, “आपकी गोद में बैठना। आपके दोनों हाथ थामे रखना। आपकी आवाज में इन शब्दों को सुनना और आपके पीछे-पीछे इन्हें दोहराना... 'असतो मा सद्गमय, तमसो मा ज्योतिर्गमय, मृत्योर्मा अमृतं गमय, ॐ शांति, शांति, शांति'। दादी, आपने मुझे कितना खूबसूरत तोहफा दिया है! क्या शानदार तोहफा है! मैंने कभी सोचा भी नहीं था।” शनिवार को नई दिल्ली के शक्ति स्थल पर राहुल गांधी ने भी इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि दी।
पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए।
प्रियंका गांधी ने क्या कहा?
प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपनी दादी के साथ बचपन की एक तस्वीर भी साझा की और इंदिरा गांधी को असाधारण शक्ति और चरित्र वाली महिला के रूप में याद किया। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “वह कितनी सुंदर महिला थीं! आसमान की तरह आजाद, समंदर की तरह गहरी, धरती की तरह मजबूत और आग से भी ज्यादा तेज।”
मल्लिकार्जुन खरगे ने भी किया याद
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी अपने सोशल मीडिया पर दिवंगत प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने हिंदी में लिखे अपने संदेश में उनके साहस, दृढ़ संकल्प और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया।
मृत्यु से ठीक एक दिन पहले दिए गए इंदिरा गांधी के आखिरी भाषण को याद करते हुए खरगे ने उनके शब्द दोहराए, "जब तक मुझमें सांस है, मेरी सेवा जारी रहेगी और जब मेरा जीवन समाप्त हो जाएगा तब मैं कह सकती हूं कि मेरे खून की हर एक बूंद, खून की हर एक बूंद, एक भारत को जीवित रखेगी।"
उन्होंने कहा, “अदम्य साहस, अटूट संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व की प्रतीक भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री और हमारी प्रेरणा के चिरंतन स्रोत श्रीमती इंदिरा गांधी जी को उनके बलिदान दिवस पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि।”
खरगे ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा के प्रति उनका समर्पण और साथ ही आधुनिक भारत के निर्माण में उनका योगदान देश की राष्ट्रीय चेतना में हमेशा जीवित रहेगा।
यह भी पढ़ें: सोनिया गांधी ने किया इंस्टाग्राम डेब्यू, पहली पोस्ट में दिखाई आत्मकथा 'Belonging' की झलक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।