विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीएम मोदी ने ओमान-कुवैत और कतर के नेताओं से की बात, मिडिल ईस्ट के हालात पर जताई चिंता

Published: Tue, 03 Mar 2026 06:49 PM (IST)Updated: Tue, 03 Mar 2026 06:55 PM (IST)

मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के बीच पीएम मोदी ने ओमान, कुवैत और कतर के नेताओं से बात की। उन्होंने हमलों पर चिंता व्यक्त की और खाड़ी देशों में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा पर चर्चा की।

HighLights

  1. पीएम मोदी ने ओमान, कुवैत, कतर के नेताओं से बात की।

  2. मध्य पूर्व संघर्ष, भारतीय समुदाय की सुरक्षा पर चिंता जताई।

  3. क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने की अपील की।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में लगातार बिगड़ते हालात के बीच भारत की चिंता भी बढ़ी है और इस लिहाज से कूटनीतिक सक्रियता भी तेज होती दिख रही है। मंगलवार को पीएम नरेन्द्र मोदी ने खाड़ी क्षेत्र के दो महत्वपूर्ण नेताओं, ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारीक और कुवैत के क्राउन प्रिंस सबाह अल खालेद अल हामेत से टेलीफोन पर बातचीत की।

दोनों वार्ताओं के दौरान प्रधानमंत्री ने संबंधित देशों में हुए हमलों पर गहरी चिंता व्यक्त की और वहां रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा एवं कुशलक्षेम पर विस्तार से चर्चा की। पिछले तीन दिनों में प्रधानमंत्री इजरायल, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब और बहरीन के शीर्ष नेतृत्व से भी बातचीत कर चुके हैं।

pm modi middle east

विस्तृत बयान जारी

इसी बीच भारतीय विदेश मंत्रालय ने पश्चिम एशिया संकट पर एक विस्तृत बयान जारी किया है। मंत्रालय ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि इस क्षेत्र में रहने वाले एक करोड़ भारतीय नागरिक सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह सरकार की इस क्षेत्र को लेकर नई बदली नीति का संकेत भी माना जा रहा है। भारत ने बिगड़ते हालात पर गहरी चिंता जताते हुए सभी पक्षों से संयम बरतने, तनाव न बढ़ाने तथा नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।

विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि, 'खाड़ी क्षेत्र में लगभग एक करोड़ भारतीय नागरिक रहते और काम करते हैं। उनकी सुरक्षा और कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है। भारत किसी भी ऐसी घटना की अनदेखी नहीं कर सकता जो उन्हें प्रभावित करे। भारत का व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति भी इसी क्षेत्र से जुड़ी हुई है और कोई बड़ा व्यवधान भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए गंभीर परिणाम ला सकता है। भारत वैश्विक कार्यबल में प्रमुख भूमिका निभाने वाला देश होने के नाते व्यापारी जहाजों पर हमलों का भी कड़ा विरोध करता है। हाल के दिनों में कुछ भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है या वे लापता हैं।'

pm modi iran war

तेल टैंकर पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत

एक दिन पहले ओमान के करीब एक तेल टैंकर पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत की पुष्टि हो चुकी है। प्रवक्ता ने आगे कहा है कि, “इस पृष्ठभूमि में हम संवाद और कूटनीति के माध्यम से संघर्ष को जल्द समाप्त करने की मजबूत अपील दोहराते हैं। पहले से ही कई निर्दोष जानें जा चुकी हैं, जिस पर भारत गहरा दुख व्यक्त करता है।''

एमईए का यह बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि भारत ने ईरान के सुप्रीम नेता अली खामेनेई की मौत पर कोई प्रतिक्रिया नहीं जताई है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रभावित देशों में भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास भारतीय नागरिकों और समुदायों के साथ निरंतर संपर्क में हैं। वे नियमित सलाह जारी कर रहे हैं और संघर्ष से फंसे लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।

ये मिशन विभिन्न कांसुलर मुद्दों पर सक्रिय रहेंगे। भारत क्षेत्रीय सरकारों और अन्य प्रमुख भागीदारों के साथ संपर्क में है। प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री ने अपने समकक्षों से चर्चा की है। सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है और राष्ट्रीय हित में आवश्यक निर्णय लेती रहेगी।

यह भी पढ़ें- 'वो बात करना चाहते हैं, लेकिन अब देर हो गई है', ईरान-इजरायल युद्ध पर ट्रंप क्या-क्या बोले?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।