तुष्टीकरण की राजनीति से बंगाल की जनता त्रस्त : अमित शाह
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली नगर निगम चुनाव में जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यो पर मुहर बताया।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। भाजपा की विस्तार योजना को परवान चढ़ाने के लिए कोलकाता पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला। बुधवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से मुखातिब शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल की हालात बेहद गंभीर है। सारधा और नारद स्टिंग का उदाहरण देते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यहां सादगी के नाम पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल की जनता ममता बनर्जी की तुष्टीकरण की राजनीति से त्रस्त हो चुकी है। यही वजह है कि राज्य में जनाक्रोश बढ़ रहा है।
अमित शाह ने कहा कि जिस राज्य में दुर्गा पूजा के लिए हाई कोर्ट से आदेश लेना पड़े और सरस्वती पूजा के दौरान सरकार सुरक्षा न दे पाई हो, वहां के हालात आसानी से समझे जा सकते हैं। भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार बांग्लादेशी घुसपैठ और जाली नोट के धंधे पर शिकंजा कसने में नाकाम रही है। राज्य बम की फैक्ट्री में तब्दील हो गया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने यह भी कहा कि अगर पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है तो असम की तरह ही यहां भी बांग्लादेश से लगी सीमा सील कर दी जाएगी।
शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर में बूथ चलो कार्यक्रम के दौरान कहा कि जब तक राज्य में भाजपा सत्ता में नहीं आती है तब तक उनका पश्चिम बंगाल मिशन पूरा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की विकास यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही है। इस पार्टी का नारा है सबका साथ सबका विकास। भाजपा किसी के साथ अन्याय नहीं होने देगी।
दिल्ली की जीत प्रधानमंत्री के विकास कार्यो पर मुहर
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली नगर निगम चुनाव में जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यो पर मुहर बताया। उन्होंने इस जीत को मोदी की लीडरशिप की जीत करार दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली का यह जनमत केंद्र सरकार के तीन वर्षों के कार्यो के पक्ष में व आम आदमी पार्टी की नकारात्मक राजनीति के खिलाफ है। उनके मुताबिक दिल्ली के लोगों ने बहानेबाजी व नकारात्मकता को ठुकरा कर विकास व सकारात्मक राजनीति को अपनाया है।
यह भी पढ़ें: हैदराबाद के निजाम आगे की सोच रखने वाले इंसान थे: राष्ट्रपति