यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 06, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अमरनाथ आतंकी हमले में पाकिस्तान का हाथ: आईजी मुनीर खान
यात्रियों की गाड़ी के लिए आतंकियों का कोड वर्ड 'शौकत' था और CRPF की गाड़ी के लिए 'बिलाल'।

श्रीनगर, एएनआई। 11 जुलाई को अनंतनाग में अमरनाथ यात्रियों पर हुए हमले की गुत्थी जम्मू कश्मीर पुलिस ने सुलझा ली है। जम्मू कश्मीर के आईजी मुनीर खान ने प्रेस कांफ्रेंस कर इस बात का खुलासा किया। मुनीर खान ने बताया कि इस हमले के पीछे आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा का हाथ था। इस हमले में 2 पाकिस्तानी आतंकी और एक कश्मीरी आतंकी शामिल था।
Lashkar was involved, and accused were identified: IGP Kashmir Munir Khan on Amarnath attack pic.twitter.com/no6IjRqZ1o
— ANI (@ANI_news) August 6, 2017
आईजी मुनीर खान ने बताया कि मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल करते हुए हमले की प्लानिंग और उसे अंजाम देने तक की सारी गतिविधियों का खुलासा कर दिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है। इस आतंकी हमले की प्लानिंग 9 जुलाई की गयी थी। यात्रियों की गाड़ी के लिए आतंकियों का कोड वर्ड 'शौकत' था और CRPF की गाड़ी के लिए 'बिलाल'।
आपको बता दें कि 11 जुलाई को अनंतनाग के पास बटेंगू में अमरनाथ यात्रियों पर आतंकी हमला हुआ था। जहां यात्रियों से भरी बस पर अतंकियों ने फायरिंग कर दी थी। आतंकियों ने बालटाल से लौट रही यात्री बस पर रात करीब 8:30 बजे यह हमला किया था। इस हमले में 7 लोगों की मौत हो गई थी और 19 लोग घायल हुए थे।
