विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

US भेजी जा रही नशीली दवाओं के सिंडिकेट का भंडाफोड़, चार राज्यों से 6 आरोपी गिरफ्तार; NCB का एक्शन

Published: Fri, 20 Nov 2026 03:52 PM (GMT+05:30)

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और अमेरिकी DEA ने 'ऑपरेशन मॉनसून थंडर' के तहत एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है, जो अमेरिका में नशीली दवाओं की आपूर्ति कर रहा था। 

NCB और DEA ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया। (फोटो- AI जेनरेटेड)

NCB और DEA ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया। (फोटो- AI जेनरेटेड)

HighLights

  1. NCB और DEA ने भारत-अमेरिका ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश किया।

  2. 'मॉनसून थंडर' ऑपरेशन में 6 आरोपी गिरफ्तार, 4 शहरों में छापेमारी।

  3. डिजिटल प्लेटफॉर्म, डाक चैनलों से 5 लाख प्रतिबंधित गोलियों की तस्करी।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय अभियान के तहत एक बड़े ड्रग सिंडिकेट के भारतीय केंद्र को ध्वस्त कर दिया है।

इस कार्रवाई के से एक ऐसा नेटवर्क बंद हो गया है, जिसके जरिए अमेरिका की सड़कों पर जानलेवा ओपिओइड और साइकोट्रोपिक नशीली दवाओं की सप्लाई की जा रही थी।

ऑपरेशन 'मॉनसून थंडर' के तहत गिरफ्तारी

मॉनसून थंडर नाम के इस विशेष ऑपरेशन के तहत NCB की टीमों ने 4 नवंबर और 13 नवंबर को हैदराबाद, दिल्ली, कोलकाता और लखनऊ सहित देश के कई शहरों में एक साथ छापेमारी की।

इस दौरान इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े छह मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि यह सिंडिकेट सीमा पार से काम करते हुए पूरे अमेरिका में खरीदारों को प्रतिबंधित दवाएं पहुंचा रहा था।

चार साल में 5 लाख नशीली दवाओं की तस्करी

जांच के दौरान जब्त किए गए डिजिटल रिकॉर्ड और सबूतों से बड़े पैमाने पर तस्करी का खुलासा हुआ। जांच के दौरान पता चला कि जून 2022 से नवंबर 2026 के बीच इस गिरोह ने अमेरिका में लगभग 3000 पार्सल भेजे, जिनमें करीब 5 लाख प्रतिबंधित गोलियां शामिल थीं।

NCB ने अमेरिका भेजी जाने वाली 1,500 से अधिक गोलियों की कई खेपों (कंसाइनमेंट) को ट्रैक किया और इसका इनपुट अमेरिकी एजेंसी DEA के साथ साझा किया, जिसके बाद DEA ने अमेरिका में दो बड़ी खेपों को जब्त कर लिया।

टेलीग्राम-व्हाट्सएप से ऑर्डर

जांचकर्ताओं ने पाया कि भारत में बैठे लोग टेलीग्राम, स्काइप और व्हाट्सएप जैसे एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए ऑर्डर लेते थे।

वहीं, अमेरिका में मौजूद उनके साथी यूनाइटेड स्टेट्स पोस्टल सर्विस (USPS) सहित विभिन्न डाक और डिलीवरी नेटवर्क के जरिए इन सामानों को आगे भेजते थे।

खरीदारों और भेजी गई खेपों की जानकारी गूगल शीट जैसे साझा डिजिटल रिकॉर्ड में रखी जाती थी। अधिकारियों को 59,000 से अधिक ग्राहकों का एक बड़ा डेटाबेस मिला है।

इसमें लेनदेन का इतिहास, पुरानी शिपमेंट की जानकारी, डिलीवरी पते, USPS ट्रैकिंग आईडी और दवाओं के प्रकार शामिल हैं। इस डेटाबेस को DEA को सौंप दिया गया है, ताकि वे अमेरिकी खरीदारों और ड्रॉप-शिपरों के खिलाफ अपनी जांच और कार्रवाई को आगे बढ़ा सकें।

क्रिप्टोकरेंसी के जरिए होता था भुगतान

वित्तीय जांच में पता चला है कि अवैध दवाओं के बदले भुगतान और कमीशन लेने के लिए गिरोह वेनमो, UPI, क्रिप्टोकरेंसी, थर्ड पार्टी बैंक खातों और हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल करता था।

अब जांच एजेंसियों पैसों के इस लेन-देन की कड़ियां जोड़कर सिंडिकेट के असली लाभार्थियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। इसके साथ ही एक आरोपी के पास से मिली डिजिटल फाइलों और दवाओं के ब्रांड से संकेत मिले हैं कि इन दवाओं को कई अलग-अलग देशों से मंगाया जा रहा था।

NCB अधिकारियों के मुताबिक यह अभियान उन अंतरराष्ट्रीय गिरोहों के खिलाफ भारत और अमेरिका की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो नशीली दवाओं की तस्करी के लिए डिजिटल टूल्स और डाक प्रणालियों का दुरुपयोग करते हैं।

यह भी पढ़ें- फर्जी केस की धमकी देकर मांगे 50 लाख, व्यापारी ने CBI संग मिलकर रचा ऐसा चक्रव्यूह कि 12 लाख लेते पकड़े गए दो अफसर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।