विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हुआंग के बिना Nvidia: संकट में कोलेट क्रेस संभालेंगी कमान, जेन्सेन-एलिस का क्या होगा?

Published: Thu, 12 Nov 2026 10:01 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 12 Nov 2026 10:04 PM (GMT+05:30)

एनवीडिया के प्रमुख जेन्सेन हुआंग ने विवाहेतर संबंधों और चीनी जासूस एलिस हुआंग से कथित संबंधों के आरोपों के बीच सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया।

Nvidia में बड़ा फेरबदल (यह फोटो AI द्वारा बनाई गई है)

Nvidia में बड़ा फेरबदल (यह फोटो AI द्वारा बनाई गई है)

HighLights

  1. जेन्सेन हुआंग ने विवाहेतर संबंधों और जासूसी आरोपों के कारण इस्तीफा दिया।

  2. इस्तीफे के बाद एनवीडिया के शेयर में 13% से अधिक की गिरावट आई।

  3. कोलेट क्रेस्स को एनवीडिया का अंतरिम सीईओ नियुक्त किया गया।

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। दुनिया की सबसे बड़ी एआइ चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के प्रमुख जेन्सेन हुआंग ने गुरुवार को तत्काल प्रभाव से मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के पद से इस्तीफा दे दिया।

चीन के लिए जासूसी करने के संदेह वाली कारोबारी एलिस हुआंग के साथ हुआंग के कथित संबंधों की जांच अभी चल ही रही थी कि कंपनी की एक वरिष्ठ महिला अधिकारी के साथ भी विवाहेतर संबंधों का मामला सामने आने के बाद हुआंग भारी दबाव में थे। इसके बाद कंपनी का निदेशक मंडल (बोर्ड) उन्हें हटाने पर विचार कर रहा था।

बोर्ड ने हुआंग का इस्तीफा स्वीकार करते हुए उनकी जगह मुख्य वित्त अधिकारी कोलेट क्रेस्स को कंपनी का अंतरिम सीईओ नियुक्त किया है।

Nvidia के को-फाउंडर जेन्सेन हुआंग

1993 में एनवीडिया की स्थापना करने वाले जेन्सेन हुआंग करीब 33 वर्षों से कंपनी का नेतृत्व कर रहे थे। वह कंपनी के करीब 3.6 प्रतिशत शेयरों के मालिक भी हैं।

हुआंग से जुड़ी खबरों के सामने आने के बाद अमेरिकी शेयर बाजार में कंपनी के शेयर में 13 प्रतिशत से अधिक की भारी गिरावट आ गई। कंपनी के बाजार मूल्य में एक ट्रिलियन डॉलर (94 लाख करोड़) की गिरावट आने की आशंका है।

न्यूयार्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, हुआंग के एनवीडिया की उपाध्यक्ष किंबर्ली पावेल (48) के साथ भी विवाहेतर संबंध थे। पावेल कंपनी के हेल्थकेयर विभाग की प्रमुख हैं और सीधे हुआंग को रिपोर्ट करती थीं। अखबार ने कंपनी के पांच मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों से बातचीत के आधार पर यह दावा किया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल मार्च में कैलिफोर्निया के सैन होजे में आयोजित एनवीडिया सम्मेलन के दौरान दोनों को एक होटल में आत्मीय व्यवहार करते देखा गया था।

अखबार ने इस मुलाकात से संबंधित वीडियो का भी उल्लेख किया है। हालांकि, न तो हुआंग और न ही पावेल ने इस कथित संबंध की सार्वजनिक पुष्टि की है। कंपनी ने भी टिप्पणी के अनुरोध का तत्काल जवाब नहीं दिया।

इस खुलासे ने कंपनी की आचार संहिता और कार्यस्थल पर हितों के टकराव से जुड़े नियमों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एनवीडिया की आचार संहिता में कर्मचारियों को ऐसे हालात से बचने की सलाह दी गई है, जिनसे व्यक्तिगत संबंधों के कारण हितों का टकराव पैदा हो सकता है।

कंपनी का कहना है कि वह कदाचार की शिकायतों की तुरंत जांच करती है। कई बड़ी कंपनियों में वरिष्ठ अधिकारियों और उनके अधीन काम करने वाले कर्मचारियों के बीच संबंधों पर रोक या सख्त नियम हैं।

एनवीडिया के लिए संकटमोचक बनेंगी कोलेट क्रेस्स

यूरोप के शेयर बाजारों में भी कंपनी के शेयर सात प्रतिशत तक गिरे। इसके चलते कंपनी के बाजार मूल्य में 600 अरब डॉलर से ज्यादा की कमी आ चुकी है।

उनके इस्तीफे से चार ट्रिलियन डॉलर (करीब 374 लाख करोड़ रुपये) की कंपनी के भविष्य पर सवाल खड़े होने लगे हैं। इसके साथ ही अमेरिका की चिप निर्यात नीति पर भी दूरगामी असर पड़ सकता है।

न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, अंतरिम सीईओ कोलेट क्रेस्स की नियुक्ति की घोषणा के साथ कंपनी के बोर्ड ने कहा कि जल्दी ही स्थायी सीईओ की नियुक्ति की जाएगी।

कोलेट क्रेस्स 2013 से एनवीडिया से जुड़ी हुई हैं। एनवीडिया से पहले वह सिस्को और माइक्रोसाफ्ट में भी वरिष्ठ पदों पर काम कर चुकी हैं। सदर्न मेथोडिस्ट यूनिवर्सिटी से एमबीए क्रेस्स ने जेन्सेन हुआंग के साथ मिलकर कंपनी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। क्रेस्स के पास एनवीडिया के 77 करोड़ डॉलर कीमत के 44 लाख से ज्यादा शेयर हैं।

सिंगापुर में एलिस हुआंग के खिलाफ जांच शुरू, देश में प्रवेश पर प्रतिबंध

एनवीडिया संस्थापक जेन्सेन हुआंग के साथ संपर्क में आनेवाली कथित चीनी जासूस एलिस हुआंग के सिंगापुर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिए गए हैं। उन्होंने फरवरी में सिंगापुर छोड़ा था।

रॉयटर्स के अनुसार, सिंगापुर के गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस बात की जांच की जा रही है कि क्या एनवीडिया के सर्वर खरीदकर एलिस हुआंग की कंपनी मेगास्पीड ने उसे बगैर सिंगापुर के बाजार में दाखिल कराए मलेशिया भेजा। ऐसे में उनके खिलाफ घरेलू कानून उल्लंघन की जांच की जाएगी।

हालांकि, मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि यह जांच जासूसी से संबंधित नहीं है। उन पर गलत जानकारी देने के आरोप हैं। मंत्रालय ने एलिस को कंपनी का तत्कालीन सीईओ और चेयरपर्सन बताया है। वहीं, वॉल स्ट्रीट जर्नल ने एलिस को कंपनी का डायरेक्टर बताया है।

उधर, विवाद बढ़ने के बाद सिंगापुर स्थित मेगास्पीड ने पहली बार सार्वजनिक बयान जारी कर अमेरिकी निर्यात नियंत्रण कानूनों के पालन को गंभीरता से लेने की बात कही है। कंपनी ने कहा कि वह अमेरिकी सरकार के साथ पारदर्शी और रचनात्मक तरीके से काम करने के लिए तैयार है।

रॉयटर्स के अनुसार, कंपनी ने अमेरिकी वाणिज्य विभाग के उद्योग एवं सुरक्षा ब्यूरो की जांच में सहयोग किया है। उसने अमेरिकी कानूनी फर्म नियुक्त कर अपने पास मौजूद ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (जीपीयू) की पूरी सूची तैयार करने और निर्यात नियंत्रण से जुड़ी प्रक्रियाओं की स्वतंत्र समीक्षा कराने का फैसला भी किया है।

एपी के अनुसार, राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवालों के अलावा, मेगास्पीड की वित्तीय स्थिति ने भी लोगों का ध्यान खींचा है। सिंगापुर के कार्पोरेट रिकॉर्ड के अनुसार, 2023 से 2024 के बीच कंपनी की कुल संपत्ति लगभग 90 गुना बढ़कर करीब तीन अरब डॉलर हो गई। वहीं, 2023 में शून्य रहने वाला रेवेन्यू 2024 में उछलकर 29 करोड़ डॉलर से भी ज्यादा हो गया।

एलिस के पति ने जेन्सेन से कराई थी मुलाकात

वाल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, एलिस हुआंग के पति कांग वेई ने एनवीडिया प्रमुख जेन्सेन हुआंग के साथ उनकी मुलाकात कराई थी। कांग जेनसह को दस वर्षों से जानते थे। उन्होंने कथित तौर पर स्वीकार किया है कि दोनों के बीच बीते दो वर्षों से संबंध थे।

कांग मजाक में कहते भी थे कि उनकी पत्नी जेन्सेन हुआंग की पर्सनल असिस्टेंट बन गई हैं। कांग पूर्व में चीन में अग्रणी फंड मैनेजर रह चुके हैं। उन्होंने 2010 में शंघाई हेक्सी नाम की एक कंपनी भी स्थापित की थी। एलिस हुआंग ने हांग-कांग बैप्टिस्ट यूनिवर्सिटी से साल 2000 के उत्तरार्ध में मीडिया मैनेजमेंट में मास्टर्स डिग्री हासिल की थी।

2016 से एलिस ने कांग के साथ शंघाई हेक्सी के कारोबार को साथ-साथ आगे बढ़ाया। कांग की कंपनी में काम करनेवाले एक शख्स ने बताया कि उसने ही कांग और जेन्सेन हुआंग की एशिया में मुलाकात कराई थी।

2020 में कांग और एलिस क्लाउड कंप्यूटिंग के क्षेत्र में उतर गए। इसके बाद 2023 में उन्होंने एआइ डेटा सेंटर के क्षेत्र में काम आगे बढ़ाया। मार्च 2023 में उन्होंने एक वीडियो गेम कंपनी खरीदी और मेगास्पीड इंटरनेशनल नाम से डेटा सेंटर किराए पर देने का काम शुरू किया। एलिस हुआंग इस कंपनी की डायरेक्टर के तौर पर पंजीकृत हुईं।

चीन की दिग्गज कंपनी अलीबाबा बड़ी ग्राहक के तौर पर जुड़ी। इसे चिप आपूर्ति के लिए एनवीडिया से संपर्क साधा गया क्योंकि चीन में एनवीडिया के चिप्स पर अमेरिकी सरकार के प्रतिबंध थे।

2024 में एलिस जेन्सेन के संपर्क में आईं और उन्होंने अपने एक सहयोगी से कहा कि अब मेगास्पीड का काम सहज तरीके से चलेगा। कंपनी ने एनवीडिया के सर्वर को तेजी से दक्षिण एशियाई देशों में फैलाया। कुछ सर्वर चीन भी भेजे गए।

एनवीडिया के चिप इतने महत्वपूर्ण

एनवीडिया आज एआइ उद्योग की सबसे अहम कंपनियों में शामिल है। इसके ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (जीपीयू) का इस्तेमाल एआइ माडल को प्रशिक्षित करने और उनसे काम कराने के लिए किया जाता है। इन चिप में एक साथ बड़ी संख्या में गणनाएं करने की क्षमता होती है।

यही वजह है कि दुनिया की बड़ी तकनीकी कंपनियां डेटा सेंटर बनाने और एआइ सेवाएं चलाने के लिए एनवीडिया के प्रोसेसर पर निर्भर हैं। शुरुआत में कंपनी ने वीडियो गेम के लिए ग्राफिक्स चिप बनाईं, लेकिन बाद में इन्हीं तकनीकों को एआइ और डेटा सेंटर के लिए विकसित किया।

एनवीडिया की बाजार हिस्सेदारी 80 प्रतिशत से अधिक होने का अनुमान है। गूगल, एएमडी और अन्य कंपनियां भी इस क्षेत्र में काम कर रही हैं, लेकिन एनवीडिया की तकनीक, साफ्टवेयर और कारोबारी नेटवर्क ने उसे मजबूत बढ़त दी है।

अपने मूल देश ताइवान में भी छवि को झटका

जेन्सेन हुआंग ताइवान में बेहद लोकप्रिय रहे हैं। उन्हें वहां तकनीकी उद्योग की सफलता का प्रतीक और राकस्टार जैसी लोकप्रियता वाला कारोबारी माना जाता है। ताइवान में उनके नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल दुकानों, घरों और सार्वजनिक आयोजनों में भी होता रहा है। लेकिन एलिस हुआंग से जुड़े खुलासों और पत्नी के साथ बेवफाई स्वीकार करने के बाद उनकी छवि को झटका लगा है।

स्थानीय मीडिया में उनकी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा तेज है। रिपोर्टों के अनुसार, एलिस हुआंग 2024 और 2025 के दौरान आठ बार ताइवान गई थीं। इन यात्राओं और दोनों की मुलाकातों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

यह भी पढ़ें- जेन्सेन हुआंग के इस्तीफे के बाद Nvidia की अंतरिम CEO बनीं Colette Kress

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।