Monsoon Update: अब पूर्वोत्तर पहुंच चुका है मानसून, देश के इन हिस्सों में बारिश का जारी हुआ अलर्ट, जानिए IMD का ताजा अनुमान
Monsoon Update भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप की ओर अरब सागर से आ रही मानसूनी हवाओं के मद्देनजर मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक कर्नाटक के तटीय और दक्षिणी अंदरुनी इलाकों केरल माहे और लक्षद्वीप में वर्षा की संभावना जताई है।
नई दिल्ली, एजेंसियां। दक्षिण-पश्चिम मानसून बंगाल की खाड़ी के रास्ते पूर्वोत्तर भारत में दाखिल हो गया है और आगामी दो दिनों में असम और मेघालय में भारी वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व और पूर्व-मध्य के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ा है। साथ ही यह मिजोरम, मणिपुर और नगालैंड के अधिकतर हिस्सों तक पहुंच चुका है।
बुधवार को मानसून कर्नाटक के बेंगलुरु, चिकमंगलुरु और करवार तक पहुंच चुका था। भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप की ओर अरब सागर से आ रही मानसूनी हवाओं के मद्देनजर मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक कर्नाटक के तटीय और दक्षिणी अंदरुनी इलाकों, केरल, माहे और लक्षद्वीप में वर्षा की संभावना जताई है।
देश के इन हिस्सों में होगी बारिश
अगले पांच दिनों तक आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उत्तरी अंदरुनी कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के इलाकों में बारिश हो सकती है। विभाग ने अगले दो दिनों में राजस्थान, दक्षिण पंजाब और दक्षिण हरियाणा में लू चलने की चेतावनी भी जारी की है।
दिल्ली में छाए रहेंगे बादल और हल्की बारिश की है संभावना
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि शुक्रवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और शहर में हल्की बारिश हो सकती है। शुक्रवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान 42 और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने यह भी कहा कि इस सप्ताह शहर में लू की संभावना नहीं है, लेकिन अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में गरज और चमक के साथ पड़ रहीं हल्की बौछारें
देश के अलग-अलग स्थानों पर तीन मौसम प्रणालियां सक्रिय होने से इंदौर समेत प्रदेश का मौसम बदल गया है। अनुकूल परिस्थितियां मिलने के कारण दक्षिण-पश्चिम मानसून भी लगातार आगे बढ़ रहा है। इससे मिल रही नमी के कारण मध्य प्रदेश में बादल छाने लगे हैं। साथ ही कहीं-कहीं गरज और चमक के साथ तेज और हल्की बौछारें भी पड़ रही हैं।
भोपाल एवं ग्वालियर में अधिकतम तापमान में दर्ज की गई बढ़ोतरी
भोपाल के मौसम केंद्र विज्ञानी एसएन साहू ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून कर्नाटक तक आगे बढ़ गया है। वातावरण में नमी आने के कारण प्रदेश में भी बादल छाने लगे हैं। हालांकि, बादल छंटने पर तापमान में तेजी से बढ़ोतरी भी होने लगती है। बुधवार को भोपाल एवं ग्वालियर में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि इंदौर एवं जबलपुर में दिन का तापमान नहीं बढ़ा।