विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर भारत में ठंड की शुरुआत, यूपी-राजस्थान और हिमाचल में भी गिरेगा पारा; दिन-रात के तापमान में रहेगा अंतर

Published: Sat, 21 Nov 2026 09:10 PM (IST)

बंगाल की खाड़ी में अकवान तूफान के कमजोर पड़ने के बाद उत्तर भारत के मौसम में बदलाव आएगा। 

उत्तर भारत में होने वाली है ठंड की शुरुआत (फोटो-एएनआइ)

उत्तर भारत में होने वाली है ठंड की शुरुआत (फोटो-एएनआइ)

HighLights

  1. अकवान तूफान कमजोर पड़ने से उत्तर भारत में बदलेगा मौसम।

  2. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान में रात का तापमान गिरेगा।

  3. उत्तरी हवाओं के प्रभाव से ठंड का असर बढ़ेगा, कोहरा संभव।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में अकवान तूफान के कमजोर पड़ने के बाद अब उत्तर भारत के मौसम में परिवर्तन का दौर शुरू होगा। पूर्वी हवाओं की जगह उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाएं लेने लगी हैं।

इनके प्रभाव से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी। सुबह में कहीं-कहीं कोहरा भी दिख सकता है। अगले सप्ताह तक ठंड का असर दिखने लगेगा। हालांकि, कड़ाके की ठंड की स्थिति अभी दूर है।

तापमान गिरने के आसार

पहाड़ी राज्यों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि ऊंचाई वाले इलाकों में न्यूनतम तापमान गिरने से ठंड बढ़ेगी। हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में शुष्क ठंड का असर अधिक महसूस हो सकता है।

एनसीआर में भी उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बढ़ने से तापमान में धीरे-धीरे गिरावट होगी। पंजाब और हरियाणा में इसका असर पहले दिखाई देगा, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान तक ठंडी हवाएं पहुंचेंगी।

मध्य प्रदेश में भी तापमान गिरने के आसार हैं। कहीं-कहीं कोहरे का प्रभाव भी बढ़ सकता है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुबह दृश्यता घट सकती है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, कुछ दिनों से अकवान तूफान के कारण पूर्वी हवाओं का प्रभाव बढ़ा हुआ था। ये हवाएं समुद्र से नमी लेकर बिहार, झारखंड, बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ तक पहुंच रही थीं। इसके चलते इन राज्यों के कई हिस्सों में बारिश हुई। अब तूफान कमजोर पड़ने के साथ पूर्वी हवाओं का जोर भी घटेगा।

हवा की दिशा बदलने के बाद उत्तर-पश्चिम से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाएं मैदानों के तापमान को गिराने लगेंगी। इसका असर सबसे पहले रात के तापमान पर दिखाई देगा। पूर्वी हवाओं के साथ आने वाली नमी और बादलों के कारण रात में धरती की गर्मी तेजी से बाहर नहीं निकल पाती।

इसके विपरीत उत्तरी हवाओं के असर से आसमान साफ होने लगता है। ऐसे में दिन में धूप निकलने के बावजूद रात में धरती तेजी से ठंडी होती है और न्यूनतम तापमान गिरने लगता है। आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ सकता है।

यह भी पढ़ें- 'चुनौती को चुनौती देना मेरी आदत', पीएम मोदी ने IIT खड़गपुर में युवाओं को किया संबोधित

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।