उत्तर भारत में झमाझम बारिश से कहीं राहत तो कहीं आफत, उत्तराखंड और हिमाचल में कई सड़कें बंद
दिल्ली समेत उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में भारी बारिश का जारी है। उत्तराखंड और हिमाचल में भूस्खलन से कई सड़कें बंद हो गई हैं। जानें बाकी राज्यों के हालात...
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली समेत उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में झमाझम बारिश का दौर गुरुवार को भी जारी रहा। एक तरफ जहां उमस भरी गर्मी से निजात मिली और मौसम सुहाना हुआ, वहीं कई इलाके जलभराव से जूझते रहे।
उत्तराखंड में बढ़ी मुसीबत
उत्तराखंड में बारिश और भूस्खलन से मुसीबत बढ़ती ही जा रही है। बदरीनाथ, केदारनाथ और यमुनोत्री हाईवे समेत 176 मार्गो पर यातायात बाधित है। गौरीकुंड के पास केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने के कारण श्रद्धालु दूसरे दिन भी केदारनाथ नहीं जा पाए। प्रशासन ने यात्रियों को सोनप्रयाग में रोका हुआ है। नदियां उफान पर हैं। हरिद्वार में गंगा चेतावनी रेखा के पार बह रही है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से प्रदेश को राहत मिलेगी। फिलहाल कुछ दिन बारिश की संभावना नहीं है। गुरुवार को पर्वतीय क्षेत्रों में छिटपुट बारिश हुई, लेकिन सड़कों पर भूस्खलन की मार जारी है।
#WATCH Telangana: District administration has ordered to stop movement of vehicles on the approach road of Nagaram-Rangapuram bridge in Bhadradri Kothagudem District, in view of the rising water level in Kinnerasani, a tributary to Godavari river pic.twitter.com/gFkOnpPXM8— ANI (@ANI) August 20, 2020
हिमाचल में कई स्थानों पर बारिश
हिमाचल प्रदेश में भी कई स्थानों पर भारी बारिश और भूस्खलन हुआ है। प्रदेशभर में 118 सड़कों पर आवाजाही बाधित है। बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश हुई है। बिहार में भी दो दिनों तक हल्की बारिश होने के आसार हैं। गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश भी हुई।
यूपी में उफान पर नदियां
उत्तर प्रदेश में रिमझिम और झमाझम बारिश से कई जिलों में नदियां उफना रहीं हैं। बुंदेलखंड की जीवनदायिनी बेतवा नदी के बहाव से राजघाट के बाद माताटीला बांध भी लबालब होने पर बांध के 20 गेट खोल दिए गए। तराई के जिलों में राप्ती, घाघरा-सरयू नदियां आम जनजीवन के लिए संकट पैदा करती नजर आ रहीं है। गोंडा में नदियों का जलस्तर स्थिर है। अयोध्या में सरयू नदी लाल निशान से 72 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। सीतापुर में घाघरा व शारदा नदियों के जलस्तर में गुरुवार को वृद्धि दर्ज की गई। बाराबंकी में घाघरा का जल घटने से तटवर्ती गांवों में कटान का खतरा बढ़ गया है। नेपाल के पहाड़ों पर हो रही बारिश का पानी आने से श्रावस्ती में राप्ती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो