विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 20, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हम जो कहते हैं, करके दिखाते हैं : मोदी

By Edited By:
Published: Fri, 20 Dec 2013 04:15 AM (IST)Updated: Fri, 20 Dec 2013 10:09 PM (IST)

वाराणसी [अवनीश त्यागी]। यूपी के पूर्वाचल में भाजपा की जमीन तैयार करने को वाराणसी में शुक्रवार को विजय शंखनाद रैली ...और पढ़ें

News Article Hero Image

वाराणसी [अवनीश त्यागी]। यूपी के पूर्वाचल में भाजपा की जमीन तैयार करने को वाराणसी में शुक्रवार को विजय शंखनाद रैली में नरेंद्र मोदी का अंदाज बदला हुआ था। चार राज्यों के विधानसभा नतीजों के बाद मोदी की यह पहली रैली थी, जिसमें उन्होंने विरोधियों पर हमला कम करते हुए यह ज्यादा अहसास कराने की कोशिश की कि वह जो कहते हैं, करके दिखाते हैं। इसके लिए उन्होंने गंगा, बुनकर, बेरोजगार आदि का सवाल उठाते हुए इसे गुजरात से जोड़ा। गुजरात में साबरमती नदी, सूरत के बुनकरों और नौकरी देने की नई व्यवस्था का उदाहरण रखते हुए यह संदेश देने की कोशिश की कि ऐसा यूपी में भी हो सकता है।

वाराणसी-इलाहाबाद राजमार्ग पर खजुरी में राजा तालाब मैदान पर रैली में नरेंद्र मोदी ने पूर्वाचल की गरीबी, बेरोजगारी व बदहाली के लिए कांग्रेस के साथ सपा व बसपा को जिम्मेदार ठहराया। मोदी ने गंगा सफाई के मुद्दे को भी शिद्दत से उठाते हुए न केवल सरकार की घेराबंदी की बल्कि जनता की आस्था को भी झकझोरते हुए गंगा नदी के क्षेत्र में उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल की 150 संसदीय सीटों में सियासी समीकरण साधने का प्रयास किया। कहा कि गंगा शुद्धिकरण योजनाओं में बहाए हजारों करोड़ रुपये का हिसाब प्रधानमंत्री को देना होगा। केंद्र और प्रदेश पर गंगा को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए दोनों सरकारों की सफाई करने का आह्वान भी किया। मोदी गुजरात में साबरमती नदी की सफाई का उदाहरण देना भी नहीं भूले।

मोदी ने देश की बदहाली के लिए सीधे तौर से नेहरू गांधी परिवार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि लगभग 45 वर्ष तक इसी परिवार के हाथों में देश की कमान रही। राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब चुनाव आता है तो कांग्रेस गरीब-गरीब की माला जपने लगती है, लेकिन गरीबों को इन्होंने ही तबाह किया। उन्होंने बनारस के एक मुस्लिम युवक द्वारा भेजे पत्र का हवाला देते हुए बनारस के साड़ी कारोबार की बदहाली बयां की और इसके लिए भी कांग्रेस की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया।

पढ़ें: और गूंज उठा हर-हर मोदी का जयघोष

पढ़ें:नोमो को पीएम बनाने को देश संकल्पित: कलराज

मोदी ने यूपी के किसानों की तारीफ करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के आह्वान पर खाद्यान्न उत्पादन का रिकार्ड बनाने का जिक्र किया और आज उसी सूबे में किसान की बदहाली के दर्द की भी चर्चा की। सरदार पटेल के बाद मोदी के मुंह से अब कांग्रेस के दूसरे बड़े नेता की प्रशंसा की सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। मोदी ने गुजरात का उदाहरण देते हुए युवाओं को सरकारी नौकरी देने के लिए साक्षात्कार में बेइमानी बंद करने का राह सुझायी।

मोदी हिट, व्यवस्था फ्लाप

विजय शंखनाद रैली में नरेंद्र मोदी भीड़ को खींचने में भले सफल रहे लेकिन स्थानीय आयोजन की बदइंतजामी आलोचना का केंद्र बनी रही। लाउडस्पीकरों की भारी कमी से मिर्जामुराद में हाइवे से मोदी का मंच तो नजर आ रहा था लेकिन भाषण के बोल कानों तक नहीं पहुंच पाए। धुंध और दूरी के चलते मंच पर मोदी को समर्थक कायदे से देख भी नहीं पा रहे थे। एलसीडी स्क्रीन का इंतजाम भी बौना रहा। मौके पर पहुंचे लाखों लोग उन्हें स्क्रीन पर भी नहीं देख पाए।

जाम में फंसे बीमार किशोर की मौत

रैली के समाप्त होने के बाद पलट प्रवाह के चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई। हाइवे पूरी तरह वाहनों से जाम हो गया। परिणाम यह हुआ कि अस्पताल ले जाए जा रहे एक बीमार किशोर की जाम में फंसकर मौत हो गई। इसके अलावा सड़क पार करते वक्त दो बच्चे वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि मोदी के जाते ही पुलिस वालों ने मान लिया कि उनकी ड्यूटी समाप्त हो गई।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।