अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम को बम से उड़ाने की धमकी, 10 स्कूलों को आया ई-मेल
अहमदाबाद में 10 स्कूलों और नरेंद्र मोदी स्टेडियम को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिसके बाद पुलिस ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया।

अहमदाबाद के 10 स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी
HighLights
अहमदाबाद के 10 स्कूलों और नरेंद्र मोदी स्टेडियम को धमकी मिली।
पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने तलाशी अभियान शुरू किया।
सुरक्षा के लिए छात्रों को स्कूलों से जल्दी छुट्टी दी गई।
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। अहमदाबाद के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पिछले कुछ सालों में स्कूलों को कई बार धमकी भरे ईमेल मिले हैं। आज भी अहमदाबाद शहर के 10 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया।
अहमदाबाद में स्कूलों के अलावा नरेंद्र मोदी स्टेडियम को भी उड़ाने की धमकी मिली है। इसके बाद पुलिस की एक टीम स्टेडियम पहुंची है और गहन जांच-पड़ताल की जा रही है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट होने वाला है।
अहमदाबाद के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी
वेजलपुर स्थित जाइडस समेत कई स्कूलों को मिली धमकियों के बाद, बम निरोधक दस्ते और पुलिस की कई टीमें स्कूलों में पहुंचीं। धमकियों के मद्देनजर छात्रों को समय से पहले छुट्टी दे दी गई।
वेजलपुर के जाइडस स्कूल के अलावा सैटेलाइट के बोडकदेव स्कूल फॉर चिल्ड्रन, चारोड़ी के एसजीवीपी स्कूल, संत कबीर स्कूल, एशिया स्कूल और ड्राइव-इन रोड समेत करीब 10 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है।
धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने पुलिस विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें और बम निरोधक दस्ते ने गहन जांच शुरू की। दमकल विभाग की गाड़ियां भी स्कूलों के लिए रवाना हो चुकी हैं।
एहतियात के तौर पर, स्कूलों ने अभिभावकों को संदेश भेजकर सूचित किया है कि छात्रों को जल्दी छुट्टी दी जा रही है। जैसे ही अभिभावकों को स्कूलों से यह संदेश मिला कि छात्रों को जल्दी छुट्टी दी जा रही है, वे तुरंत अपने बच्चों को लेने के लिए स्कूलों की ओर दौड़ पड़े।
डीईओ रोहित चौधरी के मुताबिक, सभी स्कूलों को इस बारे में स्थानीय पुलिस को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने निर्देश दिए हैं कि छात्रों को इस तरह से बाहर निकाला जाए और उनके अभिभावकों को सौंपा जाए कि स्कूल में किसी प्रकार की अफरा-तफरी या अराजकता न फैले।
