विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'इसका समाधान क्या है', परिसीमन बिल को लेकर चंद्रबाबू नायडू का राहुल गांधी पर हमला

Published: Sat, 28 Nov 2026 02:37 PM (IST)

आंध्र प्रदेश के सीएम नायडू ने राहुल गांधी से परिसीमन और महिला आरक्षण पर ठोस विकल्प पेश करने की मांग की है। उन्होंने दक्षिणी राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को प्रभावित किए बिना 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने का फॉर्मूला पूछा है।

चंद्रबाबू नायडू का राहुल गांधी पर हमला(फाइल फोटो)

चंद्रबाबू नायडू का राहुल गांधी पर हमला(फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू ने डिलिमिटेशन के मुद्दे पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को घेरते हुए उनसे एक ठोस विकल्प पेश करने की मांग की है।

नायडू ने पूछा है कि दक्षिणी राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व से समझौता किए बिना महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के लिए कांग्रेस के पास क्या फॉर्मूला है?

लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का रखा प्रस्ताव

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंचे नायडू ने लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी करने की पुरजोर वकालत की। उन्होंने तर्क दिया कि संसद की कुल सीटें बढ़ाने और इस अतिरिक्त प्रतिनिधित्व में से एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने से दोनों चिंताओं का एक साथ समाधान हो जाएगा।

दक्षिण भारत में कांग्रेस की राजनीतिक मौजूदगी की याद दिलाते हुए नायडू ने राहुल गांधी और कांग्रेस से तीखे सवाल किए। उन्होंने कहा कि कल तक राहुल गांधी केरलम का प्रतिनिधित्व कर रहे थे और अब प्रियंका गांधी केरलम से सांसद हैं।

इसके अलावा, कांग्रेस तीन दक्षिणी राज्यों की सरकारों में भी शामिल है। ऐसे में वे इस मुद्दे पर क्या समाधान प्रस्तावित कर रहे हैं?

जनगणना आधारित परिसीमन से दक्षिण को नुकसान की चेतावनी

नायडू ने चेतावनी दी कि यदि परिसीमन पूरी तरह से नए जनगणना के आधार पर होता है, तो इससे दक्षिणी राज्यों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में दक्षिण भारत को बड़ा झटका लगेगा और संसद में उसकी आवाज कमजोर हो जाएगी।

मौजूदा 543 लोकसभा सीटों के भीतर ही महिला आरक्षण देने के विचार को खारिज करते हुए नायडू ने कहा कि इससे पुरुषों के प्रतिनिधित्व को लेकर एक नई चिंता पैदा हो सकती है। उन्होंने कहा कि इन सभी समस्याओं का सबसे अच्छा रास्ता क्या है?

सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी और उसमें 33 फीसद महिला आरक्षण। यह सभी के लिए विन-विन सिचुएशन है और इससे हर कोई संतुष्ट रहेगा।

दक्षिणी राज्यों की सीटें 129 से बढ़कर 195 होने का फॉर्मूला

चार बार के मुख्यमंत्री नायडू ने प्रस्तावित आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि इस फॉर्मूले के तहत दक्षिणी राज्यों की कुल लोकसभा सीटें 129 से बढ़कर 195 हो जाएंगी, जबकि संसद में उनकी संयुक्त हिस्सेदारी 23.76 फीसदी पर बरकरार रहेगी।

क्या है प्रस्तावित फॉर्मूला?

आंध्र प्रदेश: 25 से बढ़कर 38 सीटें

तमिलनाडु: 39 से बढ़कर 59 सीटें

कर्नाटक: 28 से बढ़कर 42 सीटें

तेलंगाना: 17 से बढ़कर 26 सीटें

केरलम: 20 से बढ़कर 30 सीटें

नायडू ने यह भी तर्क दिया कि सीटों के विस्तार से सांसदों पर काम का बोझ कम होगा, क्योंकि प्रत्येक सांसद द्वारा प्रतिनिधित्व की जाने वाली आबादी करीब 27-28 लाख से घटकर लगभग 18 लाख रह जाएगी।

विपक्ष से आम सहमति बनाने की अपील

महिला आरक्षण को लंबे समय से लंबित एक लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता बताते हुए उन्होंने विपक्ष से आग्रह किया कि वे राजनीतिक मतभेदों के कारण इस कानून को पटरी से न उतरने दें।

नायडू ने कहा कि सभी को आम सहमति बनानी होगी। यह देश के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है और हम सभी भारत 2047 की ओर बढ़ रहे हैं।

संसद के आगामी विशेष सत्र से ठीक पहले एनडीए के सहयोगी और दक्षिण के दिग्गज नेता चंद्रबाबू नायडू की इस चुनौती ने राहुल गांधी और कांग्रेस के सामने बड़ा राजनीतिक सवाल खड़ा कर दिया है।

चूंकि कांग्रेस तेलंगाना और कर्नाटक में सत्ता में है और तमिलनाडु में सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा है, ऐसे में सबकी नजर इस बात पर है कि यदि वे प्रस्तावित परिसीमन फॉर्मूले का विरोध करते हैं, तो दक्षिण के हितों की रक्षा करते हुए 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने के लिए क्या विकल्प पेश करेंगे।

यह भी पढ़ें- 'लोकसभा की सीटों में कोई बदलाव न हो, 25 साल तक लागू रहे व्यवस्था'; परिसीमन पर INDI गठबंधन की मांगें

यह भी पढ़ें- महिला आरक्षण के रास्ते की हर बाधा हटाएंगे, कैबिनेट की मंजूरी के बाद PM मोदी का बड़ा एलान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।