आंधी, तूफान और झमाझम बारिश : मानसून ने पूरे देश को किया कवर, दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों के लिए अलर्ट
मानसून ने पूरे देश को कवर कर लिया है, गुरुवार को राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शेष हिस्सों में भी पहुंच गया।

मानसून ने पूरे देश को कवर किया

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भले ही इस बार देश में मानसून देरी से पहुंचा लेकिन अब इसने पूरे देश को कवर कर लिया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून गुरुवार को राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शेष हिस्सों में भी पहुंच गया।
खास बात यह है कि अलनीनो के प्रभाव की वजह से मानसून के देरी से पहुंचने के बावजूद इसके पूरे देश में छा जाने में महज एक दिन की ही देरी हुई है। आमतौर पर यह पूरे देश को आठ जुलाई तक कवर करता है।

मानसून ने पूरे देश को कवर किया
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि फिलहाल राहत भरी बात यह है कि मानसून पूरे देश में छा गया है। इस वर्ष केरल में मानसून की शुरुआत चार जून को हुई थी। वैसे आमतौर पर केरल में मानसून का आगमन एक जून को होता है।
मानसून देश में देरी से तो पहुंचा ही, साथ ही जून माह में बारिश भी औसत से 40 प्रतिशत कम हुई। मगर अब जुलाई में बड़ी राहत की बात यह है कि महीने के पहले नौ दिनों में ही औसत से अधिक बारिश दर्ज की गई है। आमतौर पर जुलाई के पहले नौ दिनों में देशभर में समान्यत: 73.8 मिलीमीटर वर्षा होती है लेकिन इस बार 101.9 मिमी वर्षा हुई है।

किसानों को मिली राहत
वर्तमान में आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, एक जून से नौ जुलाई के बीच देश में कुल वर्षा की कमी अब 14 प्रतिशत रह गई है। आईएमडी ने 30 जून को अपने मासिक पूर्वानुमान में जुलाई के पहले सात से 10 दिनों में देशभर में वर्षा की भविष्यवाणी की थी। हालांकि उसने यह भी जोड़ा था कि जुलाई सामान्य से अधिक सूखा रहेगा।

देखा जाए तो मानसून ने पिछले एक सप्ताह के दौरान ऐसे वक्त रफ्तार पकड़ी है जबकि खरीफ सीजन की बोआई पीक पर है। देश के कई क्षेत्रों में कम बारिश की वजह से किसानों को खरीफ फसलों की बोआई करने में दिक्कत आ रही थी लेकिन अब मानसून के रफ्तार पकड़ने से बोआई में अपेक्षित तेजी आएगी।
