VIDEO: बारिश में खंभों-ट्रांसफॉर्मरों से करंट का बढ़ा खतरा, पावर काॅरपोरेशन की बचाव को इन बातों का ध्यान रखने की अपील
Electrical Safety Tips for Rainy Season: पावर काॅरपोरेशन ने बरसात में बिजली के करंट से बचाव के लिए लोगों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।
जागरण संवाददाता, मेरठ। बरसात के दिनों में करंट का खतरा बढ़ जाता है। पोल में भी करंट उतर जाता है। यह जानलेवा भी हो सकता है। पावर काॅरपोरेशन ने इन दिनों इससे बचाव के लिए लोगों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।
बरसात और जलभराव के दौरान थोड़ी सी भी लापरवाही करंट जैसी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। ऐसे हादसों से बचाव को लेकर सतर्क करता एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कहा गया है कि पोल में करंट या आग लगना सामान्य नहीं है। पोल या ट्रांसफार्मर में किसी प्रकार की आग लगती दिखे या करंट की जानकारी मिले तो उसे खुद ठीक करने या छूने का प्रयास न करें। इसके लिए तत्काल पावर कारपोरेशन के अधिकारियों/कर्मचारियों को सूचित करें।
पावर काॅरपोरेशन के अधिकारियों का कहना है कि बरसात के दौरान बिजली के खंभों, ट्रांसफॉर्मरों, स्ट्रीट लाइट, सब-स्टेशनों और खुले बिजली उपकरणों से पर्याप्त दूरी बनाए रखना बहुत जरूरी है। बच्चों को ऐसे स्थानों के आसपास खेलने से रोकना चाहिए।
गीले स्विच को कभी न लगाएं हाथ
यदि किसी क्षेत्र में जलभराव हो जाए अथवा मीटर बाक्स में पानी घुसने की आशंका हो तो तत्काल अपने घर की मुख्य बिजली सप्लाई बंद कर दें और किसी प्रशिक्षित इलेक्ट्रिकल कर्मचारी से वायरिंग की जांच कराएं। अर्थ लीकेज सर्किट ब्रेकर (ELCB) लगाने से भी करंट लगने के खतरे को हम काफी हद तक कम कर सकते हैं।
करंट से अध्यापक की मौत
भोपा (मुजफ्फरनगर): कस्बे के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में तैनात संविदा अध्यापक की रात्रि में करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि प्रतापगढ़ जिले के पुरे रायजु मोहनलालगंज निवासी 34 वर्षीय अभिषेक सरोज पुत्र सेवालाल सरोज भोपा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में संविदा अध्यापक थे। वह
भोपा में किराए पर कमरा लेकर रहते थे। गुरुवार सुबह मकान मालिक सुरेन्द्र गुप्ता की पत्नी ने अभिषेक को कमरे के फर्श पर पड़े देखा तो उन्होंने उनके साथी अध्यापक शिवम को सूचना दी।
सूचना पर संस्थान से विकास, रजवंत, सचिन आदि मौके पर पहुंचे जहां अभिषेक फर्श पर औंधे मुंह पड़े थे और विद्युत एक्स्टेंशन बोर्ड नीचे दबा हुआ था। विद्युत सप्लाई बंद कर उन्हें भोपा सीएचसी पर लाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसएसआइ रेशमपाल ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
