सिद्दरमैया के खिलाफ स्टिंग में इस्तेमाल मोबाइल कुमारस्वामी के घर पहुंचा, बेंगलुरु पुलिस का दावा
बेंगलुरु पुलिस आयुक्त ने दावा किया है कि सिद्दरमैया के खिलाफ स्टिंग ऑपरेशन में इस्तेमाल मोबाइल दिल्ली में खरीदा गया ...और पढ़ें

एचडी कुमारस्वामी और सिद्दरमैया। (फाइल फोटो।)
HighLights
सिद्दरमैया स्टिंग मोबाइल कुमारस्वामी के दिल्ली आवास पर सौंपा गया।
बेंगलुरु पुलिस आयुक्त ने रितेश पांडे के बयान का हवाला दिया।
कुमारस्वामी ने पुलिस के दावों को खारिज किया, आंतरिक राजनीति का आरोप।
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने दावा किया है कि कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दरमैया के खिलाफ स्टिंग ऑपरेशन में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन दिल्ली से खरीदा गया था। उन्होंने कहा कि यह मोबाइल राष्ट्रीय राजधानी में केंद्रीय मंत्री एचडी. कुमारस्वामी के सरकारी आवास पर प्रज्वल प्रसाद नाम के व्यक्ति को सौंपा गया था।
वहीं इस मामले को लेकर कुमारस्वामी ने कहा, क्या वह पुलिस आयुक्त है? उसने ऐसी बातें कही हैं जो किसी मुख्य लिपिक को भी शोभा नहीं देतीं। मुझे पता है कि वह किसके प्रभाव में काम कर रहा है।
बेंगलुरु पुलिस आयुक्त ने क्या कहा?
पुलिस आयुक्त ने इस मामले में गिरफ्तार रितेश पांडे के बयान का हवाला देते हुए रविवार को कहा, प्रज्वल प्रसाद के निर्देश पर विनोद शर्मा और रितेश पांडे ने करोल बाग की एक दुकान से मोबाइल फोन खरीदा। बाद में, उन्होंने दिल्ली में कुमारस्वामी के सरकारी आवास पर वह मोबाइल प्रज्वल को सौंप दिया।
दिल्ली निवासी रितेश को कथित स्टिंग आपरेशन का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर अपलोड करने के मामले में 24 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में यह पहली गिरफ्तारी थी। बेंगलुरु पुलिस ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया था और पूछताछ के लिए बेंगलुरु लेकर पहुंची।
सिद्दरमैया के खिलाफ गंभीर आरोपों वाले दो वीडियो यूट्यूब पर अपलोड किए गए थे। बताया जाता है कि वीडियो सितंबर में अपलोड किए गए थे। उन्होंने इस मामले में पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है।
जांच में क्या पाया गया?
अब तक की जांच के आधार पर पुलिस ने विनोद शर्मा और प्रज्वल प्रसाद को नोटिस जारी किए हैं। हालांकि, दोनों फरार हैं और उन्होंने अग्रिम जमानत के लिए अदालत का रुख किया है। पुलिस को रितेश और प्रज्वल के बीच कुछ वित्तीय लेन-देन की जानकारी मिली है।
यह पूछे जाने पर कि क्या कुमारस्वामी को कोई नोटिस जारी किया गया है या कथित स्टिंग आपरेशन में उनकी सीधी भूमिका सामने आई है, पुलिस आयुक्त ने कहा कि इस समय हम किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकते। रितेश के बयान के मुताबिक, फोन सौंपे जाने के समय प्रसाद कुमारस्वामी के आवास पर मौजूद था।
वहीं कुमारस्वामी ने आरोप लगाया कि अब मनगढ़ंत कहानियां गढ़ी जा रही हैं, जबकि सिद्दरमैया, उनके बेटे और राज्य मंत्री यतींद्र का खुद कहना है कि इस कथित स्टिंग आपरेशन के पीछे कांग्रेस के ही लोग हैं। कुमारस्वामी ने इस मामले की जांच के बारे में जानकारी होने का दावा करते हुए इन जानकारियों को साझा करने का भी वादा किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।