'इस कुमारस्वामी को कोई छू नहीं सकता', स्टिंग मामले को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कर्नाटक सरकार और पुलिस को दी चुनौती
बेंगलुरु पुलिस ने स्टिंग में इस्तेमाल फोन एचडी कुमारस्वामी के आवास पर पहुंचने का दावा किया, जिस पर कुमारस्वामी ने पुलिस और सरकार को चुनौती दी है।

केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी। (फाइल फोटो।)
HighLights
सिद्धारमैया स्टिंग में प्रयुक्त फोन कुमारस्वामी के आवास पर मिला।
बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर ने दिल्ली में फोन खरीद का खुलासा किया।
एचडी कुमारस्वामी ने जांच पर पुलिस, सरकार को चुनौती दी।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कर्नाटक में स्टिंग मामले को लेकर राजनीति गरमा गई है। बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को निशाना बनाकर किए गए स्टिंग ऑपरेशन में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन नई दिल्ली में खरीदा गया था और बाद में इसे केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी के आधिकारिक आवास पर सौंपा गया था।
पुलिस के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए कुमारस्वामी ने कमिश्नर को चुनौती दी और कहा कि वह सोमवार को जांच के विवरण का खुलासा करेंगे। पुलिस कमिश्नर के अनुसार, यह फोन दिल्ली के करोल बाग की एक दुकान से आरोपी रितेश पांडे और विनोद शर्मा ने खरीदा था और बाद में इसे कुमारस्वामी के आधिकारिक आवास पर प्रज्वल प्रसाद को सौंप दिया गया था।
24 अक्टूबर को हुई थी पांडे की गिरफ्तारी
पुलिस आयुक्त ने जांचकर्ताओं को दिए गए पांडे के बयान का हवाला देते हुए बताया कि यह काम कथित तौर पर प्रसाद के निर्देश पर किया गया था, जो उस समय आवास पर मौजूद थे। पांडे को 24 अक्टूबर को नई दिल्ली में गिरफ्तार गिरफ्तार किया गया था और वह इस मामले में पकड़े जाने वाला पहला आरोपी है।
पुलिस ने बताया कि तकनीकी सबूतों (जिनमें फोन की खरीद और डिलीवरी की जगह से जुड़ी जानकारी शामिल है) ने उनके बयान के कुछ हिस्सों की पुष्टि की है। जांचकर्ताओं को पांडे और प्रसाद के बीच वित्तीय लेन-देन के सबूत भी मिले हैं, जिनकी पुष्टि की जा रही है।
आरोपों पर कुमारस्वामी ने क्या कहा?
सीमांत कुमार सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कुमारस्वामी ने कहा, "यह पुलिस आयुक्त कौन हैं? आज पुलिस आयुक्त ने जो भी बयान दिया है, कल आपको मेरी तरफ से भी इस पर बयान मिलेगा। जांच किस चरण में है? आयुक्त क्या कदम उठा रहे हैं और वे किसे बचाने की कोशिश कर रहे हैं? मैं कल सब कुछ स्पष्ट कर दूंगा।"
उन्होंने राज्य सरकार द्वारा जांच को संभालने के तरीके पर सवाल उठाते हुए कहा, "इस सरकार के राज में राज्य में क्या हो रहा है? यहां शासन-व्यवस्था का क्या हाल है? मैं कल आपके सामने ये सारी बातें रखूंगा। यह सरकार, मुख्यमंत्री और यहां के अधिकारी कोई भी कुमारस्वामी का कुछ नहीं बिगाड़ सकता। मैं उन्हें चुनौती दूंगा। वे मुझसे डरते हैं। कल मैं आपको पूरी जानकारी दूंगा कि इस सरकार के तहत जांच कैसे चल रही है और इस जांच के जरिए सरकार किसे बचाने की कोशिश कर रही है।"
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि शर्मा और प्रसाद दोनों को नोटिस भेजे गए थे, लेकिन किसी ने भी कोई जवाब नहीं दिया। दोनों फिलहाल फरार हैं और उन्होंने अग्रिम जमानत के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है। पुलिस उनकी इन अर्जियों का विरोध करने की तैयारी में है और दोनों की तलाश कर रही है।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि आगे की पूछताछ से यह साफ हो सकेगा कि इस मामले में उनकी क्या भूमिका थी और कथित तौर पर चलाए गए इस ऑपरेशन के बारे में और भी जानकारी मिल सकेगी। यह मामला सितंबर में यूट्यूब पर सामने आए दो वीडियो से जुड़ा है, जिनमें सिद्धारमैया के खिलाफ आरोप लगाए गए थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।