विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मणिपुर हिंसा में तीन लोगों की मौत के बाद बवाल, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश

Published: Mon, 19 Oct 2026 10:00 PM (IST)

मणिपुर में उग्रवादियों के हमले में तीन लोगों की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया।

मुख्यमंत्री ने सुरक्षा समीक्षा कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए

मुख्यमंत्री ने सुरक्षा समीक्षा कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, इंफाल। मणिपुर में सोमवार को जंगल में जलावन की लकड़ी बटोर रहे 16 लोगों पर कथित तौर पर उग्रवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया।

इस गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने दो शवों को मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह के आवास के बाहर रखकर प्रदर्शन किया।

अधिकारियों ने बताया कि इंफाल पूर्वी और कांगपोकपी जिलों की सीमा पर लकड़ी इकट्ठा कर रहे मैतेयी समुदाय के 16 लोगों पर उग्रवादियों ने गोलीबारी की।

लकड़ी बटोर रहे 16 लोगों पर उग्रवादियों ने किया हमला

गोलीबारी में अरुबाम रोनील और लैरेनलकपम इनाओबी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि क्षत्रिमायुम सुशील ने एक प्राइवेट अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस हमले में तीन अन्य लोग घायल हो गए, जबकि तीन लोग लापता बताए जा रहे हैं। घायलों का इलाज चल रहा है।

गुस्साए स्थानीय लोग शवों को इंफाल ले आए और हिंसा के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने बाबूपारा में मुख्यमंत्री आवास के मुख्य द्वार के बाहर दो शव रख दिए। प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री आवास में थे या नहीं, यह पता नहीं चल सका।

प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के कई गोले छोड़े। इसके बाद शवों को जवाहरलाल नेहरू इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज (जेएनआइएमएस) ले जाया गया।

मुख्यमंत्री ने सुरक्षा समीक्षा कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए

इस बीच मुख्यमंत्री ने अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने बाद में राज्य में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए बैठक की। इस दौरान उन्होंने निर्दोष नागरिकों की हत्या की कड़ी निंदा की और अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।

वहीं थौबल जिले में दो समुदायों के बीच झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए, जिसके चलते अधिकारियों को प्रभावित दो इलाकों में निषेधाज्ञा लागू करनी पड़ी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार रात इंफाल से लगभग 25 किलोमीटर दक्षिण में स्थित थौबल पुलिस थाना क्षेत्र के खंगाबोक गांव में हिंसा भड़क गई।

दो समुदायों के बीच पत्थरबाजी 

बताया जा रहा है कि वहां कुछ लोगों ने उस मैदान में लोगों पर पथराव कर दिया, जहां संगीत कार्यक्रम चल रहा था। इसके बाद खंगाबोक और पड़ोसी संगाईयुम्फम में दो समुदायों के बीच पत्थरबाजी में शुरू हो गई। झड़पों के दौरान कुछ घरों और वाहनों में आग भी लगा दी गई। हिंसा के बीच, अज्ञात उपद्रवियों ने गोलीबारी की, जिसमें एक व्यक्ति के सिर में गोली लग गई।

उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। हिंसा के बाद, थौबल जिला मजिस्ट्रेट ने रविवार रात निषेधाज्ञा जारी की, जिसमें खंगाबोक और संगैयुमफम के निवासियों को रात 11 बजे के बाद अपने घरों से बाहर न निकलने का निर्देश दिया गया। आदेश में यह नहीं बताया गया कि पाबंदियां कब हटाई जाएंगी।

यह भी पढ़ें- मणिपुर में तीन लोगों की हत्या के बाद बवाल, सीएम आवास के बाहर शव रखकर विरोध प्रदर्शन