मणिपुर में तीन लोगों की हत्या के बाद बवाल, सीएम आवास के बाहर शव रखकर विरोध प्रदर्शन
मणिपुर में जलाऊ लकड़ी इकट्ठा कर रहे तीन लोगों की उग्रवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
-1792409688897_m.webp)
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस छोड़ी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इंफाल। मणिपुर में सोमवार को जंगल से लकड़ी इकट्ठा कर रहे तीन लोगों की कथित तौर पर उग्रवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री आवास के बाहर दो शव रख दिए।
अधिकारियों ने बताया कि इंफाल पूर्व और कांगपोकपी जिलों की सीमा पर लकड़ी इकट्ठा करने वाले लोगों के एक समूह पर उग्रवादियों ने गोलीबारी की, जिसमें तीन अन्य लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि तीन और लोग लापता हैं।
3 ग्रामीणों की मौत और 3 घायल
एक अधिकारी ने बताया कि अरुबम रोनिल (35) और लैरेनलाकपम इनाओबी (51) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि क्षेत्रिमायुम सुशील (32) ने एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों - एन सूरज (19), मेइसनाम सोमेंद्रो (53) और के बोसन (45) - का इलाज चल रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, ये लोग उन 16 लोगों में शामिल थे जो सुबह करीब 7 बजे अपने गांव के पास की पहाड़ियों पर जलाऊ लकड़ी इकट्ठा करने गए थे, तभी उन पर हमला कर दिया गया।
मुख्यमंत्री आवास के बाहर विरोध
मुख्यमंत्री आवास के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद, मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने निजी अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की, लेकिन मीडिया के किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया।
गुस्साए स्थानीय लोगों ने राज्य में मई 2023 से जारी हिंसा के विरोध में शवों को राजधानी लाकर मुख्यमंत्री आवास के मुख्य द्वार के बाहर रख दिया। यह तुरंत पता नहीं चल सका कि विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री आवास पर मौजूद थे या नहीं।
पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े
प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के कई गोले छोड़े, जिसके बाद शवों को जवाहरलाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (JNIMS) ले जाया गया। मुख्यमंत्री आवास और वहां जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
प्रदर्शनकारियों ने खुराई लमलॉन्ग में एक सड़क जाम कर दी, जबकि इंफाल के एमा केइथेल में महिलाओं के एक समूह ने विरोध प्रदर्शन किया। इस घटना के बाद पूरे इंफाल में बाजार और दुकानें बंद रहीं।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
