मणिपुर में उग्रवादी हमला: रिटायर्ड सैनिक समेत दो की मौत, तीन घायल
मणिपुर के उखरुल जिले में नेशनल हाईवे-202 पर उग्रवादियों के घात लगाकर किए गए हमले में एक सेवानिवृत्त भारतीय सेना ...और पढ़ें

मणिपुर में उग्रवादी हमला। (पीटीआई)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मणिपुर में बढ़ते तनाव के बीच एक बार फिर हिंसा की बड़ी घटना सामने आई है। उखरुल जिले में नेशनल हाईवे-202 पर उग्रवादियों द्वारा किए गए घात लगाकर हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक सेवानिवृत्ति भारतीय सेना का जवान भी शामिल है। इस मामले में तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि यह हमला दोपहर करीब 2:30 बजे लेइंगांगचिंग और TM कासोम के बीच हुआ, जब हथियारबंद हमलावरों ने इंफाल से उखरुल जा रहे एक काफिले पर गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने दूर से स्नाइपर जैसे हथियार से निशाना साधा, जिससे यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला।
मृतकों में पूर्व सैनिक शामिल
हमले में जिन दो लोगों की मौत हुई है, उनमें एक रिटायर्ड आर्मी जवान शामिल है। एक अन्य घायल व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं, अन्य घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों की पहचान ताशर गांव के नागा रेजिमेंट के रिटायर्ड जवान चाइनाओशांग शोकवुंगनाओ और खारासोम गांव के यारिंगम वाशुम के रूप में हुई है।
मुख्यमंत्री ने शांति बनाए रखने की अपील की
यह हमला मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह के उखरुल दौरे के एक दिन बाद हुआ। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने तांगखुल नागा और कुकी गांव वालों से मुलाकात की थी और फरवरी से दोनों समुदायों के बीच जारी हिंसा के बीच शांति बनाए रखने की अपील की थी।
खेमचंद ने इन हत्याओं की निंदा करते हुए इन्हें निर्दोष लोगों की जान पर हमला बताया और कहा कि इस मामले की जांच नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी को सौंप दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ितों के परिवारों को मुआवजा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि सुरक्षा बलों ने हमलावरों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
