विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देशभर में LPG का संकट, सिलेंडर भरवाने के लिए लगी लाइनें; पाइप गैस कनेक्शन वालों के लिए भी मुश्किल

Published: Wed, 11 Mar 2026 12:22 AM (IST)Updated: Wed, 11 Mar 2026 02:06 AM (IST)

अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के कारण उत्तर भारत सहित कई राज्यों में एलपीजी की किल्लत हो गई है। इससे गैस सिलेंडर भरवाने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं।

कई शहरों में कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति रोक दी गई है

कई शहरों में कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति रोक दी गई है

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण टीम, नई दिल्ली। अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के कारण राजधानी दिल्ली, यूपी और हरियाणा सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में एलपीजी की किल्लत होने लगी है। गैस सिलेंडर भरवाने को लेकर मारामारी शुरू हो गई है। लखनऊ समेत कई शहरों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।

कई जगह घरेलू आपूर्ति तो अभी सामान्य है, लेकिन वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों को लेकर परेशानी बढ़ रही है। यह स्थिति इसलिए भी है कि लोग आशंका में पहले से ही गैस सिलेंडर भरवाकर जमा करने लगे हैं। व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सीमित होने से दिल्ली में 50 हजार से अधिक रेस्तरां, पब, बार और होटलों के संचालन में दिक्कतें आने लगी हैं।

gas crisis

राम रसोई करनी पड़ी बंद

अयोध्या में वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की कमी के कारण राम नगरी में मंगलवार को नियमित शाम तीन बजे तक चलने वाली राम रसोई मंगलवार को दो बजे ही बंद करनी पड़ी। कई जगह मंदिरों ने लकड़ी और कोयले के उपयोग से भोजन पकाने का निर्णय लिया है। आल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रिब्यूटर फेडरेशन (एआईएलडीएफ) के कार्यकारी अध्यक्ष पीएन सेठ के अनुसार यह दिक्कत कुछ दिन के लिए ही है।

रूस से आपूर्ति शुरू होते ही समस्या खत्म हो जाएगी। उधर, नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन आफ इंडिया (एनआरएआई), दिल्ली के अध्यक्ष संदीप आनंद गोयल ने कहा कि व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति बंद हो गई है। पीएनजी पाइप लाइन में भी गैस का दबाव 20 प्रतिशत कम कर दिया गया है।

cyliner crisis

पुराने स्टॉक से आ रहा सिलेंडर

हरियाणा के कई जिलों में पिछले दो-तीन दिनों से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित होने लगी है। राज्य के कई जिलों में एजेंसियों तक नई खेप नहीं पहुंचने की सूचना है। कई स्थानों पर एजेंसियां पुराने स्टॉक से सीमित सिलेंडर दे रही हैं। इन दिनों विवाह समारोहों और सामाजिक आयोजनों के कारण मांग सामान्य दिनों से अधिक बनी हुई है। पंजाब में एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित हुई है।

कई जिलों में गैस एजेंसियों को कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई मिलनी बंद हो गई है। जालंधर के होटल संचालकों का कहना है कि अगर सिलेंडर की सप्लाई नहीं होती है तो मजबूरी में कमर्शियल इंडक्शन पर काम चलाना पड़ेगा। दूसरी तरफ राज्य में घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है।

gas cylinder lpg

मध्य प्रदेश में भी कई शहरों में कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति रोक दी गई है। घरेलू एलपीजी की बुकिंग भी बढ़ गई है। भोपाल में कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई सोमवार से तो इंदौर में आज से बंद कर गई है। हिमाचल प्रदेश में फिलहाल एलपीजी की कोई कमी नहीं हैं। यहां उपभोक्ताओं को 25 दिन बाद ही गैस सिलेंडर की रिफिलिंग की जा रही है। हालांकि, व्यावसायिक सिलेंडर की आपूर्ति यहां भी बंद कर दी गई है।

कोलकाता में 2000 रेस्तरां का संचालन प्रभावित

कोलकाता समेत बंगाल में रेस्तरां कारोबारी एलपीजी की कमी का सामना कर रहे हैं। उद्योग संघों ने चेतावनी दी है कि यदि ईंधन की आपूर्ति जल्द ही सामान्य नहीं हुई तो परेशानी और बढ़ेगी। नेशनल रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) की कोलकाता शाखा के प्रमुख पीयूष कंकारिया ने बताया कि शहर में लगभग 5,000 रेस्तरां हैं। इनमें लगभग 40 प्रतिशत यानी लगभग 2000 रेस्तरां के संचालन में तत्काल व्यवधान देखा जा रहा है।

gas cylinder crisis

एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता कम होने से बढ़ी कालाबाजारी

जम्मू में गैस कंपनियां किसी भी तरह की किल्लत से इनकार कर रही है। हालांकि, जमीनी स्तर पर व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता कम होने से कालाबाजारी शुरू हो गई है। गत दिनों इसके दाम में बढ़ोतरी होने के बाद से ही व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की कुछ क्षेत्रों में कमी देखने को मिल रही है।

अस्पताल व शिक्षण संस्थानों को छोड़ व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति पर रोक

उत्तराखंड शासन ने सभी जिलों में अस्पताल व शिक्षण संस्थानों को छोड़ अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति पर रोक लगा दी है। जिसके चलते अधिकांश होटल, रेस्टोरेंट व ढाबों के अलावा बैंक्वेट हाल संचालक परेशान हैं। घरेलू उपभोक्ताओं को भी अब 21 के बजाय 25 दिन में दूसरा सिलेंडर मिलेगा।

यह भी पढ़ें- एलपीजी गैस सिलेंडर व डीजल-पेट्रोल की कालाबाजारी पर सख्ती, शिकायत मिली तो होगी कार्रवाई