विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एलपीजी गैस सिलेंडर व डीजल-पेट्रोल की कालाबाजारी पर सख्ती, शिकायत मिली तो होगी कार्रवाई

By Surjeet Singh Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 10 Mar 2026 08:58 PM (IST)

ईरान-इजराइल-अमेरिका तनाव के बीच अलीगढ़ प्रशासन ने ईंधन की कालाबाजारी व अवैध भंडारण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. कालाबाजारी, अवैध भंडारण पर अलीगढ़ प्रशासन की सख्त कार्रवाई।

  2. गैस सिलेंडर बुकिंग 25 दिन बाद, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। ईरान-इजराइल-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईंधन आपूर्ति को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। गैस सिलेंडर, डीजल-पेट्रोल की कालाबाजारी या अवैध भंडारण की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने इसे लेकर स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं।

मगलवार को एडीएम सिटी किंशुक श्रीवास्तव ने कलक्ट्रेट सभागार में गैस एजेंसी संचालकों, तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों व आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि गैस वितरण में निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन किया जाए व उपभोक्ताओं को समय से गैस उपलब्ध कराई जाए।

एडीएम सिटी ने बताया कि जिले में कुल 64 गैस एजेंसियां संचालित हैं और सभी एजेंसियों पर घरेलू गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टाक उपलब्ध है। फिलहाल जिले में किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने एजेंसी संचालकों को चेतावनी दी कि अगर कहीं भी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या अवैध भंडारण की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि गैस सिलेंडर की बुकिंग 25 दिन बाद ही की जा सकेगी। इसके अलावा अगर कोई उपभोक्ता वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान अपने निर्धारित 15 सिलेंडर का कोटा पूरा कर चुका है, तो उसे मार्च माह में अतिरिक्त सिलेंडर नहीं मिलेगा।

ऐसे उपभोक्ताओं को नया सिलेंडर अब एक अप्रैल से नए वित्तीय वर्ष में ही उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने जिले के लोगों से अपील की कि जिले में पर्याप्त भंडारण हैं। ऐसे में किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है।


गैस एजेंसियों की औचक जांच


जिला पूर्ति अधिकारी सत्यवीर सिंह ने मंगलवार को जिले के कई गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर स्टाक की जांच की गई। उन्होंने बताया कि फिलहाल सभी एजेंसियों पर गैस की उपलब्धता सामान्य है और वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आपूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है।