महिला सुरक्षा के लिए बेदी ने पेश की अपनी योजना
महिला सुरक्षा के मुद्दे को अहम बताते हुए भारतीय जनता पार्टी की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी ने अपना 25 सूत्रीय फॉमूला पेश किया है। किरण बेदी ने बुधवार को ट्वीट कर दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपनी योजना पेश की। दिल्ली में 7 फरवरी
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। महिला सुरक्षा के मुद्दे को अहम बताते हुए भारतीय जनता पार्टी की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी ने अपना 25 सूत्रीय फॉमूला पेश किया है। किरण बेदी ने बुधवार को ट्वीट कर दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपनी योजना पेश की। दिल्ली में 7 फरवरी को विधानसभा चुनाव हैं।
बेदी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण विषय है। किसी भी तरह के अपराध से पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय मिले इसके लिए दिल्ली में फास्ट ट्रैक कोर्ट की स्थापना की जाएगी। पीड़ितों व उनके परिवार के लिए सहायता समूह बनाए जाएंगे। महिलाओं पर हो रहे अपराधों को लेकर सरकार व पुलिस को ज्यादा संवेदनशील बनाया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 24 घंटे काम करने वाला कॉल सेंटर, प्रत्येक जिले में महिला थाना व दिल्ली परिवहन निगम के बेड़े में महिला विशेष बसें बढ़ाई जाएंगी।
इसे भी पढ़ें:किरण बेदी को दिल्ली में हराना चाहते हैं भाजपा नेताः केजरीवाल
किरण बेदी पहले भी कह चुकी हैं कि दिल्ली पुलिस, उपराज्यपाल व मुख्यमंत्री कार्यालय के बीच बेहतर तालमेल से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चत करने के साथ ही दिल्ली को अपराध मुक्त बनाया जाएगा। इसके लिए सिविल डिफेंस, होमगार्ड तथा निजी सुरक्षा एजेंसियों की भी सहायता ली जाएगी।
वहीं, भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता व नई दिल्ली की सांसद मीनाक्षी लेखी ने कहा कि मोदी सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है और किरण बेदी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने से दिल्ली की महिलाओं में यह उम्मीद जगी है कि उनकी सुरक्षा अब सुनिश्चित हो जाएगी। लेखी ने कहा कि भाजपा का हमेशा से महिला सशक्तीकरण के लिए काम करती रही है। इसलिए भाजपा महिलाओं को राजनीतिक व सामाजिक कार्यो में प्रोत्साहित करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान शुरू करना भी यह दर्शाता है कि भाजपा नेतृत्व महिला सशक्तीकरण के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस परेड में महिलाओं का नेतृत्व स्पष्ट करता है कि मोदी सरकार महिलाओं के सम्मान और उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा महिलाओं को सम्मान देने की बात करती है, लेकिन अरविंद केजरीवाल की सहयोगी रहीं तीन महिलाएं किरण बेदी, मधु भादुड़ी और शाजिया इल्मी उनसे दूर हो गई हैं। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि आप के प्रति महिलाओं को कितना विश्वास है।
इसे भी पढ़ें:किरण बेदी के पास दो वोटर कार्ड, जांच में जुटा चुनाव आयोग