'आस्था का मजाक उड़ाया', खरगे के महाकुंभ वाले बयान पर भड़की भाजपा; संबित पात्रा ने दे डाली ये चुनौती
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया था कि भाजपा नेता कैमरों के लिए संगम में डुबकी लगाने के लिए एक दूसरे से होड़ कर रहे हैं। खरगे के इस बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कहा कि सनातन के विरुद्ध ऐसी टिप्पणियां शर्मनाक हैं। वहीं बीजेपी नेता अमित मालवीय ने कहा कि कांग्रेस अब नई मुस्लिम लीग बन गई है।
पीटीआई, नई दिल्ली। प्रयागराज में महाकुंभ में संगम पर डुबकी लगाने वाले भाजपा नेताओं पर टिप्पणियों के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की भाजपा ने आलोचना की है। पार्टी ने उनकी टिप्पणियों को सनातन विरोधी बताया और राहुल गांधी व सोनिया गांधी की ओर से माफी की मांग की।
दरअसल, मध्य प्रदेश के महू में 'जय बापू, जय भीम, जय संविधान' रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने आरोप लगाया था कि भाजपा नेता कैमरों के लिए संगम में डुबकी लगाने के लिए एक दूसरे से होड़ कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया था कि क्या उनके डुबकी लगाने से देश से गरीबी मिट जाएगी। साथ ही कहा था कि अगर कोई आहत हुआ है तो वह माफी मांगते हैं।
खरगे की टिप्पणी से नया विवाद
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने यह टिप्पणी उस दिन आई जिस दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संगम में डुबकी लगाई है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने खरगे पर महाकुंभ के प्रति लोगों की श्रद्धा का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया और कहा कि यह हजारों वर्षों से सनातन आस्था का प्रतीक रहा है।
उन्होंने कहा कि गंगा मैया के बारे में उनकी टिप्पणियों से करोड़ों लोग आहत हुए हैं, सनातन के विरुद्ध ऐसी टिप्पणियां शर्मनाक हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी को स्पष्टीकरण देना चाहिए कि पार्टी ऐसे सनातन विरोधी विचार को प्रश्रय कैसे दे सकती है।
पात्रा ने कांग्रेस को दी चुनौती
बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने राहुल और सोनिया को चुनौती दी कि वे अन्य धर्मों के विरुद्ध ऐसी टिप्पणियां करके दिखाएं। उन्होंने सवाल किया कि क्या आप पूछ सकते हैं कि क्या इफ्तार पार्टी में हिस्सा लेने से गरीबी मिट जाएगी। भाजपा आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि कांग्रेस अब नई मुस्लिम लीग बन गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।