केरलम पुलिस की बड़ी चूक, पूर्व सीएम एके एंटोनी की पत्नी से कहा- पति को लेकर थाने आएं
केरल पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री एके एंटनी की पत्नी एलिजाबेथ को शिकायत के सिलसिले में पति के साथ थाने आने को कहा, बाद में अपनी गलती का एहसास हुआ।

केरलम पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी को बुलाया थाने (फोटो-Congress)
HighLights
पुलिस ने एके एंटनी की पत्नी को पति संग थाने बुलाया।
अधिकारियों को बाद में अपनी गलती का एहसास हुआ, मांगी माफी।
एलिजाबेथ ने घर मरम्मत की शिकायत दर्ज कराई थी।
डिजिटल डेस्क, तिरुअनंतपुरम। केरलम की राजधानी तिरुअनंतपुरम में पुलिस की एक अजीबोगरीब चूक सामने आई है। पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री एके एंटनी की पत्नी एलिजाबेथ को फोन कर शिकायत के सिलसिले में पति के साथ थाने आने को कहा। हालांकि, बाद में अधिकारियों को एहसास हुआ कि उन्होंने किसे थाने बुलाया है।
दरअसल, एलिजाबेथ ने पुलिस को ईमेल के जरिए शिकायत भेजी थी। इसमें उन्होंने अपना परिचय एके एंटनी की पत्नी एलिजाबेथ के रूप में दिया था। लेकिन शिकायत की जांच कर रहे अधिकारी की नजर इस जानकारी पर नहीं पड़ी और उन्होंने सामान्य प्रक्रिया के तहत एलिजाबेथ को फोन कर पति के साथ थाने आने के लिए कह दिया।
बाद में जब पुलिस को पता चला कि एलिजाबेथ पूर्व मुख्यमंत्री और देश के सबसे लंबे समय तक रक्षा मंत्री रहे एके एंटनी की पत्नी हैं, तो अधिकारियों में हलचल मच गई।
पुलिस से हो गई चूक
तिरुअनंतपुरम के पुलिस आयुक्त ने म्यूजियम थाने के प्रभारी को एलिजाबेथ के घर जाकर व्यक्तिगत रूप से माफी मांगने का निर्देश दिया। हालांकि, एलिजाबेथ ने इसे अनजाने में हुई गलती मानते हुए माफी की जरूरत नहीं बताई। उनकी शिकायत घर की मरम्मत से जुड़ी थी।
आरोप है कि एक व्यक्ति ने काम के लिए अग्रिम भुगतान लेने के बावजूद मरम्मत पूरी नहीं की और फोन भी नहीं उठाया। पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को थाने बुलाकर जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया। इसके बाद मामला सुलझ गया। एलिजाबेथ ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराने में भी रुचि नहीं दिखाई।
(समाचार एजेंसी आइएएनएस के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- केरलम में हत्या के मामले में फरार आरोपी UAE से लाया गया भारत, इंटरपोल की मदद से CBI का सफल ऑपरेशन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।