केरलम में हत्या के मामले में फरार आरोपी UAE से लाया गया भारत, इंटरपोल की मदद से CBI का सफल ऑपरेशन
सीबीआइ ने इंटरपोल के सहयोग से 2008 के केरलम हत्या मामले के वांछित आरोपित रघेश उन्नीकोचन को यूएई से भारत प्रत्यर्पित किया है।

केरलम में हत्या का आरोपी UAE से लाया गया भारत (फोटो-CBI)
HighLights
2008 केरलम हत्या मामले का आरोपित यूएई से प्रत्यर्पित।
सीबीआइ और इंटरपोल के सहयोग से रघेश उन्नीकोचन की गिरफ्तारी।
कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए फरार था, अब तिरुअनंतपुरम में।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केरलम में वर्ष 2008 में हुए हत्या के एक मामले में वांछित आरोपित रघेश उन्नीकोचन को सीबीआइ ने इंटरपोल के सहयोग से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है।
सीबीआइ प्रवक्ता के अनुसार, केरलम पुलिस के अनुरोध पर सीबीआइ के इंटरपोल प्रभाग ने आरोपित के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया था। इसके बाद उसकी लोकेशन का पता लगाकर यूएई अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे भारत प्रत्यर्पित करने की अनुमति दी गई।
UAE से भारत लाया गया आरोपी
केरलम पुलिस की एक टीम आरोपित को लेने यूएई पहुंची, जहां उसे भारतीय पुलिस टीम को सौंप दिया गया। इसके बाद बुधवार को उसे तिरुअनंतपुरम लाया गया।
सीबीआइ के अनुसार, आरोपित जांच के दौरान कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए फरार हो गया था। उसके खिलाफ संबंधित अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है। अदालत ने उसकी गिरफ्तारी के लिए अनिश्चित अवधि का वारंट भी जारी किया था।
मामले के अनुसार, एक अक्टूबर 2008 को केरलम के त्रिशूर जिले के तिरुमंगलम में हत्या हुई थी। पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने के आरोप में रघेश और अन्य लोगों को नामजद किया था। गंभीर रूप से घायल पीड़ित को त्रिशूर के वेस्ट फोर्ट अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- 'गोद लिए बच्चों के लिए अलग कैटेगरी की जरूरत नहीं', केरल HC ने आधिकारिक रिकॉर्ड से टैग हटाने के दिए निर्देश