कर्नाटक: विधानसभा में आपस में ही भिड़ गए कांग्रेस विधायक, महिला MLA बोलीं- तुम्हें देख लेंगे
कर्नाटक विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक एसएन नारायणस्वामी ने अपनी ही पार्टी की महिला विधायक रूपाकला शशिकिरण पर उन्हें धमकाने का आरोप लगाया है।

कर्नाटक विधानसभा में आपस में ही भिड़ गए कांग्रेस विधायक(प्रतीकात्मक तस्वीर)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस के भीतर की अंदरूनी कलह एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। बांगरपेट से कांग्रेस विधायक एसएन नारायणस्वामी ने अपनी ही पार्टी की महिला विधायक रूपाकला शशिकिरण पर सदन की कार्यवाही के दौरान उन्हें गंभीर रूप से धमकाने का आरोप लगाया है।
नारायणस्वामी का आरोप है कि विधानसभा में उनके पीछे बैठीं रूपाकला अचानक उनके पास आईं और उनके सामने रखी मेज को जोर से पीटा। नारायणस्वामी के मुताबिक, रूपाकला ने उन पर उंगली उठाते हुए चेतावनी दी कि वह उन्हें देख लेंगी। इस कथित धमकी के बाद नारायणस्वामी ने अपनी सुरक्षा को लेकर डर व्यक्त किया है।
बातचीत के दौरान हुआ विवाद
यह घटना उस वक्त हुई जब विधानसभा में इंडी और चाडचन तालुकों को सूखाग्रस्त सूची से बाहर रखे जाने के विरोध में कांग्रेस विधायक यशवंतरायगौड़ा पाटिल द्वारा सौंपे गए इस्तीफे पर चर्चा चल रही थी।
नारायणस्वामी ने दावा किया कि वह और विधायक एसएन सुब्बारेड्डी आपस में बातचीत कर रहे थे और उन्होंने रूपाकला का जिक्र तक नहीं किया था, तभी वह उनके पास आ गईं।
बता दें कि रूपाकला शशिकिरण, नारायणस्वामी और सुब्बारेड्डी तीनों ही कोलार जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केएच मुनियप्पा के साथ राजनीतिक मतभेद
रूपाकला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य के समाज कल्याण मंत्री के.एच. मुनियप्पा की बेटी हैं। वहीं, नारायणस्वामी और इस क्षेत्र के कई अन्य नेता लंबे समय से मुनियप्पा का विरोध करते आ रहे हैं।
नारायणस्वामी ने कहा कि रूपाकला के पिता मुनियप्पा का राज्य में गहरा राजनीतिक प्रभाव है। उन्होंने इस घटना को रूपाकला का दूसरा चेहरा करार दिया और स्वीकार किया कि उनके रूपाकला के पिता के साथ पुराने राजनीतिक मतभेद हैं।
मैं राजनीतिक परिवार से नहीं हूं, इसलिए डरा हुआ हूं: नारायणस्वामी
नारायणस्वामी ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मुझे सच में नहीं पता कि वह क्यों भड़क गईं। मैं और विधायक सुब्बारेड्डी बस बात कर रहे थे। हम इतने बड़े नहीं हैं कि रूपाकला मैडम के बारे में बात करें, क्योंकि मेरे पिता कोई विधायक नहीं थे और मैं किसी राजनीतिक परिवार से नहीं आता।
उन्होंने आगे कहा कि हमारी इतनी हैसियत नहीं है कि हम उनके बारे में बात करें। वह आईं, मेरे सामने मेज पीटी और कहा कि वह मुझे देख लेंगी। मैं डरा हुआ हूं, क्योंकि उनके पिता के.एच. मुनियप्पा पहले ही हमें एक बार खत्म कर चुके हैं, और अब उनके मुंह से ऐसी बातें निकल रही हैं।
