दुरंतो एक्सप्रेस 4 घंटे लेट होने से छूटी कपल की फ्लाइट, रेलवे को चुकाने होंगे 63 हजार रुपये; कंज्यूमर कोर्ट का फैसला
जम्मू की उपभोक्ता अदालत ने नॉर्दर्न रेलवे को एक दंपति को 63000 रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया है। यह आदेश ट्रेन में देरी के कारण उनकी कनेक्टिंग फ्लाइट छूट जाने और मानसिक परेशानी के लिए दिया गया है।

ट्रेन में देरी के कारण जम्मू के एक कपल की दिल्ली से छूटी फ्लाइट। (फोटो-AI जेनरेटेड)
HighLights
रेलवे को दंपति को 38,199 रुपये का भुगतान करने का आदेश।
ट्रेन देरी से चलने के कारण छूटी थी कनेक्टिंग फ्लाइट।
मानसिक परेशानी के लिए 20,000 रुपये मुआवजा भी मिलेगा।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जम्मू की एक डिस्ट्रिक्ट कंज्यूमर कोर्ट ने नॉर्दर्न रेलवे और यूनियन ऑफ इंडिया को एक दंपति को 38199 रुपये भुगतान करने का आदेश दिया है।
कोर्ट ने बताया कि यह रकम उस खर्च की भरपाई के लिए है जो उन्हें ट्रेन के देरी से चलने के कारण दिल्ली से गुवाहटी की कनेक्टिंग फ्लाइट छूट जाने के कारण उठानी पड़ी थी।
आयोग ने सेवा में कमी के लिए रेलवे को जिम्मेदार ठहराया और मानसिक परेशानी और असुविधा के लिए 20000 रुपये का मुआवजा देने का भी आदेश दिया है।
दंपति की दिल्ली-गुवाहटी फ्लाइट क्यों छूटी?
शिकायतकर्ता मोहित सिंह भाऊ और उनकी पत्नी दामिनी बिलोरिया ने 19 दिसंबर 2022 को जम्मू से दिल्ली की यात्रा के लिए 'दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस' में टिकट बुक कराए थे। ट्रेन को 20 दिसंबर को सुबह 3:55 बजे दिल्ली पहुंचना था।
उन्होंने उसी दिन सुबह 7:15 बजे दिल्ली से गुवाहाटी जाने के लिए फ्लाइट के टिकट भी बुक किए थे। लेकिन, ट्रेन 3 घंटे 55 मिनट की देरी से सुबह 7:50 बजे दिल्ली पहुंची, जिसकी वजह से उनकी फ्लाइट छूट गई।
दंपति को 35,699 रुपये में फ्लाइट के नए टिकट बुक करने पड़े और होटल में रुकने के लिए 2,500 रुपये खर्च करने पड़े।
उन्होंने आयोग में शिकायत दर्ज कराई और आर्थिक नुकसान के लिए 60,000 रुपये, असुविधा और मानसिक परेशानी के लिए 50,000 रुपये, तथा कानूनी खर्च के तौर पर 30,000 रुपये की मांग की।
'ट्रेन की देरी के लिए रेलवे जिम्मेदार नहीं'
रेलवे ने तर्क दिया कि 'इंडियन रेलवे कॉन्फ्रेंस एसोसिएशन कोचिंग टैरिफ' के नियम 115 के तहत, ट्रेन के देरी से पहुंचने के लिए उन्हें जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। उनके वकील ने यह भी दावा किया कि ट्रेन में देरी कोहरे की वजह से हुई थी।
देरी का कारण नहीं बता पाया रेलवे : आयोग
अध्यक्ष पवन देव कोतवाल और सदस्य नीलम बाला भारद्वाज की बेंच ने पाया कि टिकटों और अन्य दस्तावेजों से यह साबित होता है कि ट्रेन देरी से पहुंची थी और दंपति की फ्लाइट छूट गई थी।
आयोग ने गौर किया कि रेलवे तय समय के भीतर अपना लिखित जवाब दाखिल करने में विफल रहा और न ही उसने देरी का कारण बताने के लिए कोई सबूत पेश किया। आयोग ने कोहरे वाले तर्क को भी खारिज कर दिया।
आयोग ने कहा कि दंपति ने इस दावे पर सवाल उठाए थे और रेलवे ऐसा कोई सबूत पेश नहीं कर सका जिससे यह साबित हो सके कि देरी कोहरे की वजह से हुई थी।
आयोग ने कहा,'जब तक देरी का कारण बताने वाले सबूत पेश नहीं किए जाते हैं और यह साबित नहीं हो जाता है कि देरी ऐसी वजह से हुई जो उनके नियंत्रण से बाहर थी, या देरी के पीछे कोई उचित कारण था। तब तक रेलवे ट्रेनों के देर से चलने और देरी से पहुंचने के लिए मुआवजा देने के लिए जिम्मेदार है।'
आयोग का अंतिम फैसला
4 नवंबर 2026 को सुनाए गए अपने अंतिम फैसले में आयोग ने शिकायत स्वीकार की और रेलवे को भुगतान करने का निर्देश दिया।
रेलवे को दंपति को नए फ़्लाइट टिकट और होटल खर्च के लिए 38,199 रुपये, 13 फरवरी 2023 से वसूली तक 7.5 प्रतिशत सालाना ब्याज के साथ देना होगा।
मानसिक परेशानी और परेशानी के लिए 20,000 रुपये का मुआवजा और मुकदमे के खर्च के लिए 5000 रुपये देने का आदेश दिया। ऑर्डर मिलने के छह हफ्ते के अंदर अमाउंट जमा करने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें- अवध और रक्सौल एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का बदला समय, नरकटियागंज बगहा रेलखंड पर 25 नवंबर को मेगा ब्लॉक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।