पुरानी फैक्ट्रियों के कारण महंगा पड़ रहा यूरिया उत्पादन, 6 नए गैस आधारित संयंत्रों को दी मंजूरी
सरकार ने यूरिया उत्पादन महंगा और अपर्याप्त पड़ने की समस्या से निपटने के लिए 54 हजार करोड़ रुपये के छह नए गैस आधारित यूरिया संयंत्रों को मंजूरी दी है।

पुरानी फैक्ट्रियां बढ़ा रहीं यूरिया उत्पादन की लागत (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
पुरानी फैक्ट्रियों से यूरिया उत्पादन महंगा, आयात पर निर्भरता।
सरकार ने 54 हजार करोड़ के 6 नए संयंत्रों को मंजूरी दी।
60 लाख टन सालाना उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, आयात घटेगा।
अरविंद शर्मा, नई दिल्ली। यूरिया की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए उत्पादन क्षमता बढ़ाने के बावजूद आयात पर निर्भरता खत्म नहीं हो पा रही है। इसकी बड़ी वजह दशकों पुराने उत्पादन संयंत्र हैं, जहां नई इकाइयों के मुकाबले उत्पादन लागत अधिक है।
पुरानी तकनीक के कारण क्षमता भी घट रही है। इससे निपटने के लिए सरकार पुराने संयंत्रों की जगह नई इकाइयां लगाने और मौजूदा परिसरों का विस्तार करने जा रही है।
54 हजार करोड़ रुपये के 6 प्रोजेक्ट को मंजूरी
राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति के तहत करीब 54 हजार करोड़ रुपये के निवेश से छह गैस आधारित प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है, जिनकी कुल क्षमता 60 लाख टन सालाना होगी।
नई नीति के तहत उर्वरक मंत्रालय को 18 प्रस्ताव मिले थे। इनमें छह को मंजूरी दी गई, पांच को रिजर्व सूची में रखा गया। सात विभिन्न कारणों से खारिज कर दिए गए। मंजूर प्रोजेक्ट को चार साल के भीतर चालू करना होगा।
देश में यूरिया की सालाना खपत करीब 400 लाख टन है, जबकि घरेलू उत्पादन लगभग 300 लाख टन रहता है। 2025-26 में उत्पादन घटकर 293.30 लाख टन रह गया, जबकि 2023-24 में यह 314.07 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर था। यानी दो वर्षों में उत्पादन में करीब 21 लाख टन की कमी आई।
एक दशक पहले का आकलन करें तो 2014-15 में देश की यूरिया उत्पादन क्षमता 207.54 लाख टन सालाना थी।उर्वरक उद्योग के संगठन फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफएआइ) के हालिया आंकड़ों के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में अब तक यूरिया का आयात 22.9 प्रतिशत बढ़कर 72 लाख टन हो चुका है।
अलनीनो के असर से खपत भी प्रभावित हुई है। फिर भी आयात में वृद्धि जरूरतों की ओर संकेत करती है। उर्वरक सब्सिडी के लिए बजट में 1.71 लाख करोड़ रुपये रखे गए हैं, जबकि बढ़ते आयात और लागत के कारण इसके करीब 2.50 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
पुरानी फैक्ट्रियों में ऊर्जा की अधिक खपत के चलते उत्पादन महंगा पड़ने लगा है। पंजाब के नांगल संयंत्र में एक टन यूरिया बनाने के लिए 6.498 गीगाकैलोरी ऊर्जा खर्च होती है, जबकि उद्योग का औसत 5.95 गीगाकैलोरी और नया ऊर्जा मानक पांच गीगाकैलोरी है। यानी नांगल में नए मानक की तुलना में करीब 30 प्रतिशत अधिक ऊर्जा लगती है।
चेन्नई इकाई 60 साल से अधिक पुरानी है। अधिक उत्पादन लागत और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के कारण इसे बदलने की जरूरत महसूस की जा रही है। इसीलिए चेन्नई और नांगल में पुरानी इकाइयों की जगह आधुनिक संयंत्र लगाने हैं। इन दोनों में प्रत्येक की क्षमता 12.7 लाख टन सालाना होगी। नांगल की मौजूदा क्षमता 4.73 लाख टन है।
इसके अलावा शाहजहांपुर, पानागढ़, गडेपन और जगदीशपुर में मौजूदा परिसरों का विस्तार किया जाएगा। इन परियोजनाओं को ब्राउनफील्ड मॉडल पर विकसित किया जाएगा।
यानी मौजूदा परिसरों में ही नई कंपनियों को स्थापित किया जाएगा, ताकि पहले से उपलब्ध जमीन, परिवहन नेटवर्क, बिजली-पानी की व्यवस्था और तकनीकी कर्मचारियों का उपयोग किया जा सकेगा। इससे निर्माण का समय और खर्च घटेगा।
यह भी पढ़ें- वारिसों तक पहुंचेगी लावारिस वित्तीय संपत्तियां, सुप्रीम कोर्ट ने जताया संतोष
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।